मुरादाबाद : बाढ़ की विभीषिका से निपटने में लोगों की मदद करेंगे 18 नाविक और 41 गोताखोर

मुरादाबाद सदर तहसील क्षेत्र में सर्वाधिक 122 गांव संभावित बाढ़ की सूची में हैं शामिल

मुरादाबाद : बाढ़ की विभीषिका से निपटने में लोगों की मदद करेंगे 18 नाविक और 41 गोताखोर

मुरादाबाद, अमृत विचार। मानसून के सक्रिय होने के बाद जिले में संभावित बाढ़ की विभीषिका से निपटने की तैयारी तेज हो गई है। 193 बाढ़ संभावित गांवों को चिह्नित किया गया है। जिसमें सर्वाधिक सदर तहसील के 122 गांव शामिल हैं। रामगंगा व गागन नदी के तटीय इलाकों में रहने वाले गांवों व महानगर के कई मोहल्लों में लोगों को अभी से अलर्ट किया गया है। बाढ़ आने पर लोगों को सुरक्षित रखने के लिए तहसील वार कुल 18 नाविक और 41 गोताखाेर तैनात किए गए हैं। इन्हें पूरी तरह तैयार रहने का निर्देश जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की ओर से दिया गया है।

जिले में बाढ़ के दायरे में आने वाले संभावित 193 गांव चिह्नित किए गए हैं। जिसमें सर्वाधिक 122 गांव सदर तहसील के अन्तर्गत हैं। तहसीलवार कंट्रोल रूम व कुल 35 बाढ़ चौकियां बनाई गई हैं। इन चौकियों पर 24 घंटे कर्मचारी तैनात किए गए हैं। तहसील स्तर पर नाविकों को तैनात किया जा रहा है। उनकी मदद के लिए 47 गोताखोर भी लगाए गए हैं। जो बाढ़ से घिरने पर लोगों की सहायता करेंगे। जिले में तहसीलवार सदर में 12, कांठ और ठाकुरद्वारा में 3-3, बिलारी में शून्य सहित कुल 18 नाविकों को तैनात किया गया है। इसके अलावा सदर तहसील में 12, कांठ में 19 सहित कुल 41 गोताखोर लगाए गए हैं। जो बाढ़ में लोगों को सुरक्षित करेंगे।

तहसील वार नाविक, गोताखोरों की संख्या और संभावित बाढ़ के दायरे में आने वाले गांव

  • तहसील                नाविक      गोताखोर      बाढ़ के दायरे में आने वाले गांव
  • मुरादाबाद सदर-       12            12                            122
  • कांठ -                      3              19                            18
  • बिलारी-                    -                6                             23
  • ठाकुरद्वारा-               3               4                              30
  • योग  -                    18               41                            193


कलेक्ट्रेट में स्थापित जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण कार्यालय से हर पल नदियों के जलस्तर पर नजर रखी जा रही है। बाढ़ बचाव के सभी प्रबंध एसओपी के अनुसार हो रहे हैं। जिला स्तर पर बाढ़ कंट्रोल रूम सक्रिय कर उसके लिए नंबर भी जारी कर दिए गए हैं। सभी तहसीलों को मिलाकर 35 बाढ़ चौकियां स्थापित हैं। इन पर राहत व बचाव के सभी उपाय मौजूद रहेंगे। - सुजीत गौतम, जिला आपदा विशेषज्ञ

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद: सड़क हादसे में चालक सहित पांच लोगों की दर्दनाक मौत, मचा कहोराम...हज करके लौटे रहे थे घर