Kanpur: रजत सिंहासन पर सवार होकर कृपा बरसाते निकले प्रभु जगन्नाथ, शंखनाद और पुष्पवर्षा करते निकली भक्तों की टोली

Kanpur: रजत सिंहासन पर सवार होकर कृपा बरसाते निकले प्रभु जगन्नाथ, शंखनाद और पुष्पवर्षा करते निकली भक्तों की टोली

कानपुर, अमृत विचर। चांदी जड़े काठ के सिंहासन पर सवार प्रभु जगन्नाथ, बहन सुभद्रा, भाई बलभद्र की रथयात्रा रविवार शाम श्री जगन्नाथ मंदिर बाईजी से निकली तो रंग-बिरंगे पुष्पों की वर्षा से वातावरण सतरंगी हो गया। प्रभु के जयकारों से जगन्नाथ गली गूंज उठी। धार्मिक गीतों, बैंडबाजा और शंखनाथ ने भक्तों को आनंदित किया। रथयात्रा के पीछे देवी-देवताओं की 12 झांकियां और उसके पीछे भक्तों का हुजूम देखने लायक रहा। प्रभु जगन्नाथ के सिंहासन से भक्तों पर कृपा बरसती रही। 

जगन्नाथ गली स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर (बाईजी) में रविवार शाम रजत जड़ित काठ के सिंहासन पर विराजमान प्रभु जगन्नाथ, बहन सुभ्रद्रा व भाई बलभ्रद्र और श्रीगणेश की पंनकीधाम मंदिर के महंत कृष्णदास व जितेंद्र दास ने आरती उतारी व भोग लगाया। इसके बाद प्रभु का रथ रवाना हुआ। रथयात्रा के आगे बैंड बाजा, ढोल, नगाड़ा और प्रभु गणेश का रथ चल रहा था।

सिंहासन के पीछे वेंकटेश्वर स्वामी का रथ और देवी-देवताओं की 12 आकर्षक झांकियां चल रही थीं। रथयात्रा काहूकोठी, नयागंज, हूलागंज, भूसाठोली, नागेश्वर मंदिर, जनरलगंज, मनिराम बगिया, टोपी बाजार सरसैया घाट पहुंची। जहां आरती और अल्प विश्राम के बाद वापस बड़ा चौराहा, शिवाला, संगम लाल मंदिर, कमला टावर, लाठी मोहाल होकर जगन्नाथ मंदिर में यात्रा ने पूर्ण विश्राम लिया। 

भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा 2

मंदिर में आरती के बाद भक्तों ने आशीर्वाद लिया। रथयात्रा मार्ग में लोगों ने छतों से पुष्प वर्षा की। रास्ते में जगह-जगह समाजिक व धार्मिक संस्थाओं शरबत, पानी, नाश्ता और प्रसाद का वितरित किया। रथयात्रा में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सलिल विश्नोई, महापौर प्रमिला पांडेय, विधायक अभिताभ बाजपेई, सुरेश अवस्थी रहे। श्याम महेश्वरी, ज्ञान प्रकाश गुप्ता, ज्ञानेंद्र विश्नोई, राजेश कुमार ओमर, नितिन गुप्ता, अरविंद गुप्ता, सौरभ शुक्ला, सीताराम, अनुराग अग्रवाल, शील कुमार अग्रवाल, सुमित व्यवस्था में लगे रहे। 

18 मंडल हुए शामिल 

प्रभु जगन्नाथ रथयात्रा में प्रेम मंडल, जगन्नाथ मंडल, जगदीश मंडल, अमर ज्योति मंडल, ओमर वैश्य दौसर वैश्य मंडल, ओमर वैश्य राम कृष्ण मंडल, ओमर वैश्य गोपाल जी मंडल, रामजी मंडल, ओम जय जगदीश मंडल सहित 18 मंडल शामिल हुए। मंडल की ओर से धार्मिक भजनों पर भक्त नाचते झूमते चल रहे थे। 

धूमधाम से निकली रथयात्रा 

श्री लक्ष्मी नारायण स्वामी मंदिर पुरानी दाल मंडी से रविवार शाम आषाढ़ शुक्ल पक्ष द्वितीय प्रभु जगन्नाथ रथयात्रा निकाली गई। श्री तिरुपति बालाजी का रथ नयागंज पहुंचकर रथयात्रा में शामिल हुआ। नगर भ्रमण के दौरान भक्तों को भोग वितरित किया गया। इस मौके पर वेंकटेश्वर स्वामी सेवा समिति के स्वामी प्रमोदाचार्य, संरक्षक सुरेश नाथ खन्ना, अध्यक्ष जितेंद्र जायसवाल, उपाध्यक्ष बृजेश कुमार गुप्ता, महामंत्री संजय जायसवाल, कोषाध्यक्ष राजेन्द्र अग्रवाल, नितिन साहू व तरुण गुप्ता आदि रहे। 

भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा 3

रथयात्रा में उमड़ी भक्तों की भीड़ 

बिठूर रोड बैकुंठपुर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में प्रभु जगन्नाथ की यात्रा निकाली गई। श्याम सुंदर दास ने भक्तों की ओर से प्रभु के हाथ जोड़कर रथ ले जाने की अनुमति मांगी। प्रभु को रथ पर विराजमान कराया गया। भक्तें ने रास्ता साफ किया और नारियल फोड़ा। एडीजी कानपुर जोन अलोक सिंह ने प्रभु की आरती उतारी। इसे बाद भक्त बैकुंठपुर से बैरी स्थित दुर्गा मंदिर तक पैदल रथ ले गए। रथयात्रा पर पुष्पवर्षा और रास्ते में जलपान की व्यवस्था रही।

अब प्रभु 14 जुलाई तक मंदिर में ही भक्तों को दर्शन देंगे। 15 जुलाई को प्रभु अपने घर जगन्नाथ मंदिर के लिए प्रस्थान करेंगे। रथयात्रा में डॉ. शिवाशीष दास, अनिल कुमार मिश्रा, अरुण नारायण दिवेदी, अनिल कुमार बिस्ता, अनिल गुप्ता, बिजय केतन पांडा, बिंदु सागर सेनापति, भामर राउत, बीमाधर प्रधान, चन्द्र मणि नायक, डॉ. पीके पानिग्रही, डॉ. सिद्धार्थ पांडा, डॉ. एके पात्रा, डॉ. स्वरूप मोहंती, दीपक कुमार खुटिया, दुर्गेश कुमार साहू आदि रहे।

सोलह विधि से हुआ प्रभु का पूजन

बेहटा बुजुर्ग स्थित जगन्नाथ मंदिर में प्रभु का पूजन-अर्चन के बाद रथयात्रा निकाली गई। सोलह विधि से प्रभु का पूजन किया जगया। यात्रा ने नगर भ्रमण किया। भक्तों ने पुष्प वर्षा की। रथयात्रा मार्ग पर प्रभु जगन्नाथ के जयकारे लगाते भक्त निकले। एसीपी घाटमपुर ने मंदिर और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। 

महिलाओं व बच्चों ने खींचा रथ 

शिवकटरा स्थित दुर्गा महिला मंडल व गौरांग महाप्रभु मंदिर समिति की ओर से 16वीं प्रभु जगन्नाथ रथयात्रा निकाली गई। गौरांग महाप्रभु मंदिर से शुरू हुई यात्रा लालबंगला के विभिन्न मार्गों से होकर करीब दो किमी भ्रमण किया। प्रभु जगन्नाथ के रथ को महिलाओं और बच्चों ने खींचा। रथयात्रा के पीछे भक्त जयकारे लगाते चल रहे थे। रथयात्रा की शिव परिवार, राम दरबार, राधा कृष्ण की झांकियां चल रही थी। इस मौके पर शालिनी दुग्गल, ऊषा सबरवाल, पूनम कपूर, प्रेमा चौधरी, दिनेश पाल, भोला पाल, सुरेन्द्र सोमानी, मनोज पाल, पुर्व विधायक रघुनंदन सिंह भदौरिया आदि रहे।

यह भी पढ़ें- Banda: सपाइयों ने हाथरस हादसे पर निकाला कैंडल मार्च; मृतकों को दी श्रद्धांजलि, दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की उठाई मांग