कासगंज: बुखार पीड़ित गर्भवती महिला की निजी अस्पताल में बिगड़ी हालत, परिजनों ने चिकित्सक पर लगाया लापरवाही का आरोप 

अस्पताल में काटा हंगामा, सूचना पर पहुंची पुलिस

कासगंज: बुखार पीड़ित गर्भवती महिला की निजी अस्पताल में बिगड़ी हालत, परिजनों ने चिकित्सक पर लगाया लापरवाही का आरोप 

कासगंज, अमृत विचार। शहर के एक निजी अस्पताल में बुखार पीड़ित गर्भवती महिला की उपचार के दौरान हालत बिगड़ गई। परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा काटा। हंगामे की सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने आक्रोशितों को समझा-बुझाकर शांत किया है। महिला को नाजुक हालत में अलीगढ़ रेफर किया है। 

थाना ढोलना के गांव नगला ढक निवासी मुकेश कुमार ने अपनी गर्भवती पत्नी सुशीला को बुखार आने पर शहर के बिलराम गेट स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। गुरुवार को उपचार के बाद भी महिला की हालत में सुधार नहीं हुआ। उसकी हालत और बिगड़ गई। हालत बिगड़ने पर परिजनों में आक्रोश पनप गया। परिजनों ने चिकित्सक पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में हंगामा काटना शुरू कर दिया।

हंगामे की जानकारी अस्पताल प्रशासन द्वारा सदर कोतवाली पुलिस को दी गई। जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने हंगामा काट रहे महिला के परिजनों से बातचीत की और चिकित्सक से भी घटना की जानकारी ली। पुलिस ने परिजनों को समझाया कि पहले महिला को हायर सेंटर ले जाकर इनका उपचार कराएं। उसके बाद जो भी चाहेंगे कार्रवाई की जाएगी। पुलिस के समझाने के बाद परिजनों का गुस्सा शांत हुआ है। अस्पताल से महिला को हायर सेंटर रेफर किया है। परिजन उसे अलीगढ़ ले गए हैं। 

महिला की तबियत बिगड़ने पर परिजन अस्पताल पर हंगामा काट रहे थे। पुलिस मौके पर गई। समझा बुझाकर लोगों का शांत किया है। परिजन महिला को उपचार के लिए हायर सेंटर ले गए हैं। मामले में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है- रामवकील सिंह, इंस्पेक्टर सदर कोतवाली

ये भी पढ़ें। कासगंज: डीएम, एसपी सहित प्रशासनिक अधिकारियों ने किया पौध रोपण