दहेज प्रताड़ना:  पत्नी को मायके में छोड़ दूसरी महिला से रचाई शादी

 पीड़िता ने महिला थाने में दहेज उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए दर्ज कराई एफआईआर

दहेज प्रताड़ना:  पत्नी को मायके में छोड़ दूसरी महिला से रचाई शादी

लखनऊ, अमृत विचार। शादी के बाद पति शहर में प्लॉट दिलाने की मांग को लेकर पत्नी को यातनाएं देने लगा, मायके वालों ने किसी तरह दामाद की मांग पूरी की, तो फिर दस लाख रुपये के लिए लेकर पत्नी को प्रताड़ित करने लगा। विरोध किए जाने पर पत्नी को मायके छोड़ पति ने दूसरी महिला से शादी रचा ली। यह आरोप लगाते हुए पीड़िता ने महिला थाने में एफआईआर दर्ज कराई है। 

मडियांव कोतवाली अंतर्गत भिठौली निवासी निधि सिंह की शादी वर्ष 2009 में जानकीपुरम सेक्टर-एच निवासी राघवेन्द्र सिंह के साथ हुई थी। लिखित शिकायत में महिला ने बताया मायके वालों ने शादी में करीब 15 लाख रुपये खर्च किए थे। बावजूद इसके ससुराल में अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित किया जाता था। महिला का आरोप है कि पति राघवेंद्र परिवारिक सदस्यों के संग मिलकर शहर में एक प्लॉट दिलवाने का दबाव बनाने लगा। इंकार करने पर कमरे में कैद कर उससे मारपीट की जाने लगी।

मायके वालो ने जैसे-तैसे रुपयों की व्यवस्था कर दामाम राघवेंद्र के नाम पर एक प्लॉट खरीदकर दिया, फिर ससुराल पक्ष के लोग महिला से मायके से दस लाख रुपये मांग कर लाने का दबाव बनाने लगे। इस बीच महिला ने एक बेटी को जन्म दिया तब उसे तरह-तरह की यातानाएं दी जाने लगी। इसके बाद पति ने पीड़िता को मायके छोड़ चोरी-छिपे दूसरी महिला से शादी रचा ली। पीड़िता का कहना है कि ससुराल पक्ष वालों ने उसका स्त्रीधन भी हड़प लिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तहरीर के आधार पर पुलिस ने महिला के पति समेत तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।

ये भी पढ़ें - नाबालिग से दुष्कर्म कर वायरल किया वीडियो, दो आरोपी गिरफ्तार