बरेली: तेज हवा के साथ बारिश से मिली राहत, उमस ने किया परेशान

दिन और रात के तापमान में भी हुई वृद्धि, 27 से 30 तक होगी झमाझम बारिश

बरेली: तेज हवा के साथ बारिश से मिली राहत, उमस ने किया परेशान

बरेली, अमृत विचार। प्री मानसून की बारिश से लोगों को गर्मी से कुछ हद तक राहत मिली है लेकिन उमस परेशान कर रही है। रविवार को भी कुछ इलाकों में बारिश हुई लेकिन उसके बाद गर्मी बढ़ गई। दिन और रात के तापमान में भी वृद्धि हुई है। मानसून की बारिश सोमवार से शुरू हो जाएगी। मौसम विभाग ने 27 से 30 जून तक झमाझम बारिश का अनुमान जताया है।

मौसम विभाग के अनुसार रविवार को अधिकतम तापमान सामान्य से 0.9 डिग्री सेल्सियस अधिक 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 1.2 डिग्री अधिक 28.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान करीब डेढ़ मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। तीन दिन पहले वातावरण में नमी सिर्फ 43 फीसदी रह गई थी लेकिन वह रविवार सुबह बढ़कर 84 फीसदी दर्ज की गई।

आंचलिक मौसम केंद्र लखनऊ के वरिष्ठ मौसम विज्ञानी डॉ. अतुल कुमार सिंह के मुताबिक बंगाल की खाड़ी और अरब सागर से आने वाली मानसूनी हवाएं दिल्ली में आकर मिल गई हैं। इसकी वजह से प्री मानसून बारिश हो रही है। 24 और 25 जून को पांच-पांच मिलीमीटर बारिश होने की संभावना है।

ये भी पढे़ं- बरेली: निर्धारित समय में नहीं बन रहे हैसियत प्रमाण पत्र, दो राजस्व निरीक्षक को नोटिस