प्रियंका लड़ती तो मोदी हार जाते वाराणसी से लोकसभा चुनाव : राहुल गांधी

लोकसभा चुनाव में जीत के बाद पहली बार रायबरेली पहुंचे राहुल-प्रियंका,

प्रियंका लड़ती तो मोदी हार जाते वाराणसी से लोकसभा चुनाव : राहुल गांधी

रायबरेली, अमृत विचार। आभार सभा में हिस्सा लेने के लिए सांसद राहुल गांधी मंगलवार दोपहर रायबरेली पहुंचे। उनके साथ उनकी बहन और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी भी थीं। लोकसभा चुनाव में मिली जीत के बाद दोनों नेताओं का यह पहला दौरा है। भूएमऊ गेस्ट हाउस में आयोजित आभार सभा में राहुल गांधी ने बीजेपी पर कटाक्ष करते हुए कहा कि भाजपा अयोध्या सीट हार गई। न केवल अयोध्या में, बल्कि प्रधानमंत्री ने वाराणसी में भी अपनी जान बचाई है। अगर मेरी बहन प्रियंका गांधी ने वाराणसी से चुनाव लड़ते का फैसला लिया होता तो आज भारत के प्रधानमंत्री 2-3 लाख वोटों से वाराणसी का चुनाव हार जाते। सभा में राहुल गांधी ने रायबरेली और अमेठी की जनता का आभार जताया है।

राहुल गांधी ने कहा कि अमेठी में किशोरी लाल शर्मा को, रायबरेली में मुझे और उत्तर प्रदेश में भारतीय गठबंधन के सांसदों को जिताया है। उन्होंने लोगों से कहा कि आपने राजनीति बदल दी है। बीजेपी और पीएम मोदी पर हमला करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पूरे देश में जनता ने देश के प्रधानमंत्री को संदेश दिया है कि अगर उन्होंने संविधान को छुआ तो देखिये लोग उनका क्या हाल करेंगे। सांसद ने कहा कि यह पहली बार हुआ है की गठबंधन के प्रत्येक कार्यकर्ता ने मजबूती के साथ चुनाव लड़ा एक-एक कार्यकर्ता ने पूरी जान लगा दी एक इंच भी पीछे नहीं हटे। आभार सभा के मंच से एक बार फिर उन्होंने रायबरेली को अपने पारिवारिक रिश्तों से जोड़ते हुए कहा कि यहां से हमारा पारिवारिक रिश्ता है।

राजनीति में सबसे पुराना, वर्षों पुराना नाता है। यह रिश्ता सबसे पहले रायबरेली और अमेठी के खेतों से शुरू हुआ था। राहुल बोले इस चुनाव में देश के किसानों और नौजवानों ने जो बदलाव किया है, आगे उसके परिणाम सार्थक होंगे। राहुल के पहुंचने से पूर्व पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने माला पहनाकर राहुल और प्रियंका का स्वागत किया। राहुल गांधी ने दो लोकसभी सीटों से चुनाव लड़ा था। उन्होंने केरल की वायनाड के साथ-साथ यूपी की रायबरेली से भी चुनाव लड़ा था। रायबरेली से इससे पहले सोनिया गांधी चुनाव लड़ती रही हैं।

जनसभा राहुल गांधी रायबरेली

हम आपके लिए काम करते रहेंगे : प्रियंका

आभार सभा में प्रियंका गांधी ने कहा कि रायबरेली और अमेठी के एक-एक कार्यकर्ता, नेता और आप सबको दिल से बहुत-बहुत बधाई। आपने कठिन से कठिन परिस्थिति में लड़ाई लड़ी। इस चुनाव में सबने बहुत मेहनत की। मेरे समाजवादी पार्टी के सभी साथियों ने एकजुटता दिखाकर ये चुनाव लड़ा। हमने यहां एक सेना बनाई और आपकी मजबूती से हमने रायबरेली और अमेठी में जीत हासिल की। आपने पूरे देश में ये संदेश भेजा कि हमें देश में एक सच्ची और समर्पित राजनीति चाहिए। प्रियंका गांधी ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक जीत थी। हमने इस परिणाम के लिए दिन-रात काम किया है। उन्होंने राय बरेली और अमेठी की जनता को बधाई देते हुए कहा कि मेरे बड़े भाई को जिताने के लिए रायबरेली की जनता की आभारी हूं कि आपने हमारे लिए जो उत्साह दिखाया है, उससे दोगुने उत्साह के साथ हम आपके लिए काम करते रहेंगे।

आभार सभा में ये थे मौजूद

आभार सभा में राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी, केसी वेणुगोपाल, अविनाश पांडे, प्रदेश अध्यक्ष अजय राय, रायबरेली जिला अध्यक्ष पंकज तिवारी, अमेठी जिला अध्यक्ष प्रदीप सिंघल, सपा जिला अध्यक्ष वीरेंद्र यादव, विधायक श्याम सुंदर भारती, राहुल लोधी, सुशील पासी, दीपक सिंह पूर्व एमएलसी, शत्रोहन सोनकर पालिका अध्यक्ष, पूर्व विधायक पंजाबी सिंह, पूर्व चेयरमैन इलियास, विजय शंकर अग्निहोत्री, आरपी यादव, अतुल सिंह, शैलजा सिंह, यूथ अध्यक्ष मोहित मौर्य, मीडिया प्रभारी विनय द्विवेदी, प्रवक्ता महताब सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

प्रियंका गांधी रायबरेली

जीत के बाद पहली बार पहुंचे राहुल- प्रियंका

रायबरेली और अमेठी में मिली जीत के बाद आभार सभा के जरिये राहुल गांधी और प्रियंका ने एक बार फिर दोनों जिलों के लोगो के बीच अपने परिवारिक रिश्तों को जाहिर किया है। राहुल और प्रियंका के गेस्ट हाउस पहुंचते ही कार्यकर्ताओ का जोश सातवे आसमान पर रहा। दोपहर बाद से गेस्ट हाउस में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओ का पहुंचने का सिलसिला शुरू जो थोड़ी देर में ही कार्यकर्ताओ से भर गया।

यह भी पढ़ेः पुरुषों को 30 के बाद भी रहना है जवां और तंदुरुस्त, तो इन पांच पोषक तत्वों को डाइट में शामिल करना न भूले

 

 

ताजा समाचार