रामपुर : गर्मी से लोगों का हाल बेहाल, 43 डिग्री सेल्सियस तक पारा पहुंचने का अनुमान 

19 मई तक मौसम रहेगा शुष्क, गन्ना, मक्का, सब्जियों में किसान करें सिंचाई, गर्मी बढ़ने पर तालाबों और ट्यूबवेल पर खूब नहाए बच्चे 

रामपुर : गर्मी से लोगों का हाल बेहाल, 43 डिग्री सेल्सियस तक पारा पहुंचने का अनुमान 

गुरुवार को भीषण गर्मी में ट्यूबवेल की हौजिया में नहाते बच्चे।

रामपुर, अमृत विचार।  मौसम वैज्ञानिकों की मानें तो 19 मई तक तापमान 43 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। इसके अलावा मौसम शुष्क रहेगा इसलिए किसान गन्ना, मक्का और सब्जियों की फसलों में सिंचाई करें और खेत में नमी बनाए रखें। गर्मी बढ़ने पर बच्चों ने ट्यूबवेल और तालाबों के अलावा कोसी नदी में डुबकी लगाई। हालांकि, इस समय कोसी नदी में जल स्तर बहुत कम है। 

पूरे दिन तपिश रहने से लोग गर्मी से बेचैन रहे। मौसम वैज्ञानिक 19  मई तक पारा चढ़ने का अनुमान जता रहे हैं। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि प्रदेश के पश्चिमोत्तर भाग पर बन रहे चक्रवाती परिसंचरण तथा इससे असम तक विस्तारित द्रोणी के प्रभाव से निचले क्षोभ मंडल में बंगाल की खाड़ी से आ रही नमीयुक्त पुरवा हवा के कारण तापमान बढ़ने का अनुमान है।

गुरुवार की सुबह तेज धूप निकलने के बाद पारा चढ़ने से गर्मी बढ़ गई। चिलचिलाती धूप में गर्मी से लोग बेहाल हो गए। पूरे दिन लू चलती रही, लू से बचने के लिए चिकित्सक सलाह दे रहे हैं। लापरवाही बरतने पर लू जान भी ले सकती है। बच्चों ने गर्मी से बचने के लिए ट्यूबवैल, तालाबों और तरणताल में नहाकर गर्मी से कुछ राहत पाई। शहरी क्षेत्र में बच्चे शहीदे आजम स्पोर्ट्स स्टेडियम स्थित तरणताल पहुंचे और तैराकी कर गर्मी से राहत पाई। 

हाल-ए-मौसम

  • अधिकतम तापमान- 42 डिग्री सेल्सियस
  • न्यूनतम तापमान- 25 डिग्री सेल्सियस
  • आर्द्रता- 22 प्रतिशत
  • वायु वेग-5 किमी. प्रतिघंटा

19 मई तक पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने व दिन का तापमान 41 से 43 डिग्री रहने की संभावना है। किसान गन्ना, मक्का, सब्जी व अन्य खड़ी फसल में सिंचाई कर उचित नमी बनाए रखें।- डा. उदय प्रताप शाही, मौसम वैज्ञानिक, कृषि विश्वविद्यालय मेरठ 

ये भी पढे़ं : रामपुर रेलवे स्टेशन से हटना शुरू हुआ नवाबी दौर में बना फुटओवर ब्रिज, सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल तैनात