अमेठी: स्मृति जीत दोहराने की तो प्रियंका खोई प्रतिष्ठा को पाने के लिए कर रहीं हर कोशिश
मैदान में केएल शर्मा... गांधी परिवार के लिए प्रतिष्ठा का प्रश्न, प्रियंका के बाद राहुल भी करेंगे प्रचार

अमृत विचार, अमेठी। पांचवें चरण के लिए तैयार अमेठी का सियासी रण दिलचस्प होता जा रहा है। वजह, हर बार की तरह इस बार भी खुद प्रत्याशी बने बिना कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा चुनाव मैदान में है। उनके समक्ष गांधी परिवार की उस सीट को जीतने की चुनौती है, जिसे वर्ष 2019 में भाजपा की स्मृति जूबिन ईरानी ने भाई राहुल गांधी से छीन ली थी। स्मृति दोबारा भाजपा से मैदान में हैं और स्मृति जीत दोहराने के लिए हर जतन कर रही है।
बता दें कि भाजपा समर्थित प्रत्याशी के पक्ष में डिप्टी सीएम, सीएम तक जन सभाएं कर चुके हैं। जबकि उनके सामने गांधी परिवार ने अपने करीबी केएल शर्मा को उतारा है। ऐसे में इस बार भी प्रियंका गांधी की शोहरत यहां से दांव पर लगी है। दरअसल, प्रियंका यहां पहले भी मां और भाई के लिए चुनाव प्रचार कर चुकी हैं। इस बार मामला प्रचार से ज्यादा प्रतिष्ठा का है। सूत्रों के अनुसार प्रियंका के बाद राहुल गांधी भी यहां से चुनाव प्रचार कर सकते हैं। पार्टी अध्यक्ष खरगे सहित कई वरिष्ठ नेताओं की सभाएं यहां हो सकती हैं। अमेठी में वर्ष 1999 में मां सोनिया गांधी के साथ ही 2004, 2009, 2014 व 2019 में भाई राहुल गांधी का चुनावी प्रबंधन संभालने वाली प्रियंका गांधी वाड्रा एक बार फिर रणनीतिकार के रूप में मैदान में हैं।
नामांकन के समय केएल शर्मा के साथ प्रियंका ने मंच साझा कर साफ कर दिया था कि छह मई से वह यहीं रहेंगी, और मैदान में डटी भी हैं। जिससे एक बात साफ हो गई है कि कांग्रेस कोई कसर नहीं छोड़ना चाहती। जिस तरह से कांग्रेस और भाजपा नुक्कड़ सभा के साथ-साथ जनसभाएं कर उमस भरी गर्मी में राजनीतिक तपिश बढ़ा दी है। उससे साफ है कि स्मृति ईरानी अपनी जीत दोहराने और प्रियंका कांग्रेस की खोई हुई प्रतिष्ठा को वापस लाने में पूरा दमखम लगा दी है।
सीधे बूथ कार्यकर्ता तक पहुंचने की कोशिश
प्रियंका गांधी की टीम बूथ स्तर पर तैयार डाटा को अपडेट कर रही है। इसके लिए कार्यकर्ताओं का वाट्सएप ग्रुप बनाया जा रहा है। इसमें हरेक गतिविधि पर फोकस किया जाएगा। प्रियंका गांधी हर कार्यकर्ता को वोट का टॉस्क देंगी।
ये भी पढ़ें:- अयोध्या: मातंगी जयन्ती पर नादोपासना से सराबोर हुआ कालिकुलालय