2022 में अपने दम पर सरकार बनाएगी कांग्रेस: लल्लू

2022 में अपने दम पर सरकार बनाएगी कांग्रेस: लल्लू

बरेली, अमृत विचार। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गुरुवार को शहर में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की समीक्षा बैठक करने पहुंचे। उन्होंने सपा, बसपा और भाजपा पर तीखा प्रहार किया। लल्लू ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव कांग्रेस अपने दम पर लड़ कर सरकार बनाएगी। कहा कि कांग्रेस हमेशा से ही देश के युवाओं और किसानों के …

बरेली, अमृत विचार। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गुरुवार को शहर में पश्चिमी उत्तर प्रदेश की समीक्षा बैठक करने पहुंचे। उन्होंने सपा, बसपा और भाजपा पर तीखा प्रहार किया। लल्लू ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव कांग्रेस अपने दम पर लड़ कर सरकार बनाएगी। कहा कि कांग्रेस हमेशा से ही देश के युवाओं और किसानों के साथ खड़ी है।

यूपी में भाजपा सरकार में जंगलराज जैसा माहौल हो गया है। बहन-बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। कांग्रेस कार्यकर्ता उसका विरोध करते हैं उन्हें झूठे मुदकमे में फंसाकर जेल भेज दिया जाता है। हाथरस और चित्रकूट जैसी घटनाओं की जितनी निंदा की जाए कम है।

जिले में कांग्रेस की गुटबाजी के सवाल पर लल्लू बोले कि परिवार के अंदर थोड़ी बहुत तो कलह चलती रहती है। पश्‍चि‍मी उत्तर प्रदेश के पदाधिकारियों के साथ बैठक करने आए प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि पार्टी पूरे प्रदेश में संगठन को मजबूत करने की कोशिश कर रही है। इसी सिलसिले में वह जगह-जगह संगठन की समीक्षा कर रहे हैं।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष और विधायक अजय कुमार लल्लू का रजऊ परसापुर बाईपास पर प्रदेश महासचिव ब्रह्मस्‍वरूप सागर, प्रदेश सचिव असमल चौधरी, जिलाध्यक्ष मिर्जा अशफाक सकलैनी, महानगर अध्यक्ष अजय शुक्ला के नेतृत्व में स्वागत किया गया। इसके बाद वह पीलीभीत बाईपास स्थित एक शादी लॉन में पहुंचे। यहां पश्चिमी जोन के 20 जिलों के जिलाध्यक्षों और महानगर अध्यक्षों के साथ समीक्षा बैठक की। इस दौरान यूसुफ अली तुर्क, अनिल यादव, पारस शुक्ला, जिया उर रहमान समेत जिलों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

सबको पता है कि बहन जी का ट्विटर अकाउंट कौन चला रहा
प्रदेश अध्‍यक्ष लल्‍लू ने एक सवाल के जवाब में कहा कि बसपा सुप्रीमो मायावती कहती हैं कि कांग्रेस और भाजपा दोनों मिले हुए हैं जबकि सबको पता है कि बसपा सुप्रीमो का ट्विटर अकाउंट कौन हैंडल कर रहा है। जहां तक किसी पार्टी से गठबंधन का सवाल है तो कांग्रेस का गठजोड़ अब आम जनता, बेरोजगार, किसान, मजबूर लोगों के साथ है। 2022 में कांग्रेस अकेले ही चुनाव लड़ेगी।

धर्म-जाति की राजनीति करते तो 30 साल से सत्ता से दूर नहीं होते
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष लल्लू से पूछा गया कि जिले में मुस्लिम वोट सपा का परंपरागत वोट माना जाता है तो जवाब में उन्होंने कहा कि वह धर्म और जाति की राजनीति करते हैं। कांग्रेस अगर धर्म और जाति की राजनीति करती तो वह 30 साल से सत्ता से दूर नहीं होती। आने वाले समय में कांग्रेस प्रदेश की सत्‍ता में फिर वापसी करेगी।

भाजपा सरकार में महिलाओं की नहीं सुनी जा रही
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश में बेटियों और महिलाओं की सुरक्षा भगवान भरोसे है। जुल्‍म की शिकार महिलाएं खुद को आग लगा रही हैं मगर उनकी कोई सुनने वाला नहीं है। दुष्कर्म और हमले की घटनाएं यूपी में अपराध की स्थिति को दर्शा रही हैं। इसके विरोध में अवाज उठाने पर उनके ऊपर लाठियां बरसाई जा रही हैं।

मोटरसाइकिल से पहुंचे कार्यकर्ता के घर
समीक्षा बैठक करने के बाद प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने प्रदेश महासचिव ब्रह्मस्‍वरूप सागर के घर पर पहुंचकर भोजन किया। इसके बाद मोटरसाइकिल से कांग्रेस कार्यकर्ता विष्णु शर्मा के घर पहुंचे। यहां उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों के साथ चाय पीकर कार्यकर्ताओं के साथ सीधा संबंध स्थापित करने को कहा।

मौके पर रामहरि शर्मा, विकास शर्मा, ओमहरि शर्मा, आयुष शर्मा आदि रहे। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष ने महानगर अध्यक्ष अजय शुक्ला व अन्य साथियों के साथ मोटरसाइकिल पर शहर का भ्रमण किया। स्वागत करने वालों में महेश पंडित, मोनू पांडेय, बिलाल कुरैशी, पारस शुक्ला, फरहान अली, अवनीश चौबे, हर्ष बिसारिया, दिनेश गोला, कादिर खान, जुल्फिकार खान, भास्कर गोस्वामी, नितेश पंडित, हृदेश पंडित, मो. हसन, हाजी ज़ुबैर, शाने रजा, गुफरान खान, आरिफ अली, आदेश कुमार व अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।