बांदा: दो बच्चों सहित मां ने यमुना नदी में कूदकर दी जान

बांदा: दो बच्चों सहित मां ने यमुना नदी में कूदकर दी जान

बांदा/कमासिन, अमृत विचार। पति से झगड़कर पत्नी बच्चो सहित शाम को घर से निकल गई। नाराज मां ने ममता का गला घोंटते हुए पुल के ऊपर से पहले पुत्री फिर पुत्र को नदी में फेंक कर स्वयं पुल से यमुना नदी में छलांग लगा दी। गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों की लाशें बरामद कर ली है।

थाना क्षेत्र के ग्राम दादौ निवासी राजेश निषाद अपनी पत्नी मंटू देवी (26) के साथ कल मंगलवार को जनपद फतेहपुर के किशनपुर क्षेत्र के एक भट्ठे से वापस घर आया था। राजेश टीवी का मरीज है आज सुबह वह दवा लेने के लिए सीएचसी गया था। दोपहर को दवा लेकर वह घर वापस पहुंच गया। राजेश की पत्नी मंटू ने कुछ देर बाद ही ईट पाथने के लिए भट्ठे में चलने के लिए जिद करना शुरू कर दिया। इसी बात को लेकर पति-पत्नी में विवाद शुरू हो गया। राजेश ने पत्नी को समझाते हुए तेज धूप में चलने  की जगह ठंडे समय में चलने के लिए कहा लेकिन पत्नी अपनी जिद पर अड़ी रही। इसके बाद राजेश खाना खाने के बाद लेट गया। मंटू नाराज होकर अपनी पुत्री काजल (5) तथा पुत्र दीपक (3) को साथ लेकर पैदल ही निकल गई।

शाम को दांदौ किशनपुर घाट पर बने पक्के पुल के ऊपर पहुंचकर ममता का गला घोंटते हुए पहले पुत्री काजल फिर पुत्र दीपक को यमुना नदी में फेंक कर स्वयं पुल से छलांग लगा कर कूद गई। कूदते समय कुछ  प्रत्यक्ष दर्शियों ने देख लिया। जिन्होंने तुरंत दांदौ पुलिस चौकी को सूचना दी। सूचना पाकर नरेंद्र कुमार ने हमराहियों के साथ घटनास्थल पर पहुंचकर मल्लाहों व गोताखोरों की मदद से तीनों लाशों को बरामद कर लिया। घटना की खबर मिलते ही सीओ बबेरू राजवीर सिंह , प्रभारी निरीक्षक ऋषिदेव सिंह तथा किशनपुर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। प्रभारी निरीक्षक ऋषि देव सिंह ने बताया है की पति पत्नी के बीच में झगड़े के कारण मंटू देवी ने ऐसा आत्मघाती कदम उठाया है।

यह भी पढ़ें: लखनऊ: गोली लगने से रियल एस्टेट कारोबारी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

ताजा समाचार