बहराइच कांग्रेस में नहीं थम रहा विवाद, पूर्व जिलाध्यक्ष संग दो बसों से दिल्ली के लिए रवाना हुए कांग्रेसी, जानें मामला

बहराइच, अमृत विचार। कांग्रेस जिलाध्यक्ष शिवेंद्र सिंह के बनाए जाने के बाद से विवाद थम नहीं रहा है। गुरुवार को दो बस से कांग्रेसी दिल्ली के लिए रवाना हो गए हैं। जहां वे राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के सामने अपनी बात रखेंगे। प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की ओर से बहराइच कांग्रेस का जिलाध्यक्ष शिवेंद्र सिंह को बनाया गया है।
युवा नेता शिवेंद्र के जिलाध्यक्ष बनने के बाद से ही कांग्रेस में बगावत के सुर उठने लगे हैं। धरना और प्रदर्शन के बाद भी कोई सुनवाई न होता देख कांग्रेसी गुरुवार को दो बसों से दिल्ली के लिए रवाना हुए। निवर्तमान जिलाध्यक्ष जेपी मिश्रा ने बताया कि वह सभी अपनी बात रखने के लिए दिल्ली राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के पास जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि भाजपा के स्लीपर सेल को कांग्रेस का जिलाध्यक्ष बनाया गया है। जो कार्यकर्ता साथ हैं, उनमें से किसी को भी जिलाध्यक्ष बना दें। जेपी मिश्रा ने कहा कि अगर उनकी मांग पर अमल नहीं हुआ तो कार्यकर्ता धरना देंगे तो वह भी धरना देंगे। अगर कार्यकर्ता आत्मदाह करेंगे तो वह भी आत्मदाह कर लेंगे। इस दौरान काफी संख्या में महिला और पुरुष कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद रहे।