हल्द्वानी: 39 डिग्री सेल्सियस पारा, हल्द्वानी में चली लू...मौसम विभाग ने कहा, अभी तो ये शुरुआत है...

हल्द्वानी: 39 डिग्री सेल्सियस पारा, हल्द्वानी में चली लू...मौसम विभाग ने कहा, अभी तो ये शुरुआत है...

हल्द्वानी, अमृत विचार। हल्द्वानी में दिन के समय लू चलने लगी है। गर्म हवाओं से आम जन-जीवन भी प्रभावित हो रहा है। तापमान 39 डिग्री सेल्सियस के पास पहुंच गया तो वहीं आने वाले दिनों में गर्मी का प्रकोप और भी बढ़ने का अनुमान है।

 शनिवार को सुबह से ही तेज धूप निकली रही। पूर्वाह्न बाद से गर्म हवाएं चलने लगीं। दोपहर के समय लू की वजह से लोगों का सड़क पर निकलना मुश्किल हो गया। गर्म हवा के थपेड़ों से वाहनों को चलाने में भी दिक्कत आ रही थी। अपरान्ह तक लू का असर रहा। शाम होने के बाद ही गर्मी से थोड़ी राहत मिली।

शहर में शनिवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, न्यूनतम तापमान 20.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विज्ञानियों ने अनुमान जताया है कि जल्द ही पारा 40 डिग्री को छू लेगा। अलनीनो साल होने की वजह से इस बार गर्मी के पिछले कई रिकार्ड टूटेंगे। अप्रैल में अभी 10 दिन बचे हैं और मई की तरह गर्मी पड़ रही है। इस बार लू भी 15 से 20 दिन चलेगी। सामान्य तौर पर लू 6 से आठ दिनों तक ही चलती है। मौसम विज्ञानी डॉ. आरके सिंह के अनुसार लोग दोपहर के समय घर से बाहर निकलते समय अपना ध्यान रखें क्योंकि गर्मी की अभी शुरुआत ही है।