पीलीभीत: लोकसभा चुनाव की तैयारी...800 रेड कार्ड जारी, 12340 लोग मुचलका पाबंद

पीलीभीत: लोकसभा चुनाव की तैयारी...800 रेड कार्ड जारी, 12340 लोग मुचलका पाबंद

पीलीभीत, अमृत विचार: लोकसभा चुनाव में मतदान को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने एवं खुराफात करने की कोशिश करने लोगों से सख्ती से निपटने की तैयारी कर ली गई है। खुराफातियों को चिह्नित किया गया है। जिलेभर से 12,340 लोग मुचलका पाबंद किए गए हैं। 800 से अधिक लोगों को रेड कार्ड जारी किया है। ये लोग मतदान समाप्त होने तक वोट डालने के बाद अपने घरों पर ही रहेंगे। एसपी ने समस्त सीओ और थाना प्रभारियों को किसी भी तरह की अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

पीलीभीत में पहले चरण में शुक्रवार सुबह सात बजे से मतदान होगा। मतदान को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने खुराफात करने की आशंका पर बड़ी संख्या में लोगों को चिन्हित कर शिकंजा कसा है। पूर्व में हुए चुनावों को देखते हुए इस बार पुलिस ने मतदान के दौरान खलल डालकर शांति भंग करने की कोशिश करने वाले ऐसे लोगों को चिन्हित किया है। जिसके बाद 800 से अधिक रेड कार्ड जारी किए हैं। 

ऐसे लोगों को हिदायत दी गई है कि वह मतदान वाले दिन अपने मतदेय स्थल पर जाकर वोट डालेंगे और वोट डालने के बाद अपने घरों पर ही रहेंगे। वोट डालने के बाद अनावश्यक मतदान केंद्र  के आसपास घूमते पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी है। जिलेभर से 20995 लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्रवाई की गई है। 12340 लोगों को मुचलका पाबंद किया गया है।

बार्डर किए गए सील,शुरू हुआ चेकिंग अभियान
जनपद की सीमा नेपाल और उत्तराखंड से सटी हुई है। इंडो नेपाल बार्डर,उत्तराखंड बॉर्डर के अलावा बरेली,शाहजहांपुर और लखीमपुर खीरी जनपद के बार्डरों पर बैरियर लगा दिए गए हैं। जिले के 11 अंतरराष्ट्रीय, 13 अंतर्राज्यीय और 16 अंतर्जनपदीय  बॉर्डर पर चेक पोस्ट बनाए हैं। मतदान से 48 घंटे पूर्व बॉर्डर को सील करके कड़ाई से चेकिंग अभियान चालू करा दिया गया है।

11087 लाइसेंसी शस्त्र कराए गए हैं जमा
लोकसभा चुनाव के दौरान लाइसेंसी शस्त्रों को जमा करने के लिए भी अभियान चलाया गया है। जिने में कुल 12,895 शस्त्र धारक हैं। जिनमे से 11,087 शस्त्र जमा कराए गये हैं। इसके अलावा गड़बड़ी पाए जाने पर 27 शस्त्र लाइसेंस कैंसिल भी करवाए गए हैं।

31 अपराधी किए गए जिला बदर
पुलिस के अनुसार लोकसभा चुनाव को देखते हुए अवैध शराब को लेकर चलाए गए अभियान के दौरान 103 मुकदमे दर्ज कर 107 लोगों को जेल भेजा है। जिनसे पांच अवैध शराब भट्टियों सहित 3150 लीटर अवैध शराब बरामद हुई है। 35 मुकदमे दर्ज कर 35 लोगों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 35 अवैध तमंचे,42 जिंदा कारतूस और दो चाकू बरामद किए गए हैं। एक युवक को गिरफ्तार कर 200 ग्राम अफीम बरामद की गई है। 

पुलिस टीम ने तीन पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी भी इस दौरान की है। 31 अपराधियों के खिलाफ जिला बदर की कार्रवाई की गई है। 53 अपराधियों पर गैंगस्टर एक्ट  और 48 अभियुक्तों पर गुंडा  एक्ट की कार्रवाई की है। सभी थानों की पुलिस ने 1093 हिस्ट्रीशीटरों को चेक किया गया है। पुलिस ने न्यायालय से जारी 323 वारंटियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया है।

लोकसभा चुनाव को सकुशल संपन्न कराने के लिए सख्त इंतजाम किए गए हैं। अपराधियों पर भी शिकंजा कसा है। खुराफात करने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। लोग निष्पक्ष और निडर होकर मतदान करें---अविनाश पांडेय, एसपी।

यह भी पढ़ें- पीलीभीत: बरेली हाइवे पर बाइक सवार से 2.30 लाख बरामद, एफएसटी टीम ने पकड़ा...छानबीन में जुटी