'जैसे बिहार में पितृगया, वैसे ही गुजरात में...', गया में विपक्ष पर जमकर बरसे PM मोदी, बोले- लालटेन का राज रहता तो...

'जैसे बिहार में पितृगया, वैसे ही गुजरात में...', गया में विपक्ष पर जमकर बरसे PM मोदी, बोले-  लालटेन का राज रहता तो...

गया। लोकसभा चुनाव को लेकर बीजेपी ताबड़तोड़ रैलियां और जनसभा कर रही है। बता दें कि पहले चरण में 19 अप्रैल को वोटिंग होगी। इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज बिहार के गया में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि जैसे बिहार में पितृगया, वैसे ही गुजरात में मातृगया है। इस दौरान पीएम मोदी ने अपने सरकार की उपलब्धियों का बयान करते हुए विपक्ष पर जमकर निशाना साधा। 

प्रधानमंत्री ने कहा कि देश को मजबूत फैसला लेने वाली सरकार की जरूरत है। उन्होंने गया से जीतन राम मांझी और औरंगाबाद से सुशील कुमार सिंह को जिताने की अपील की। उन्होंने मांझी को राजनीति का बड़ा दलित चेहरा बताया और सिंह को भाजपा का वरिष्ठ सांसद बताते हुए दोनों की जीत की अपील की। उन्होंने कहा कि लालटेन का राज रहता तो मोबाइल की बैट्री भी आज चार्ज नहीं होती।
 

गया में पीएम मोदी ने कहा कि ये वो धरती है जिसने मगध का ऐश्वर्य देखा है, जिसने बिहार का वैभव देखा है। संयोग से आज जब मैं गया जी आया हूं तो नवरात्रि भी है और आज ही सम्राट अशोक की जयंती भी है। ये चुनाव विकसित भारत, विकसित बिहार के उसी संकल्प का चुनाव है। अभी 2 दिन पहले BJP ने अपना संकल्प पत्र जारी किया है। ऐसा पहली बार है, जब किसी पार्टी के संकल्प पत्र को गारंटी कार्ड बोला जा रहा है। क्योंकि 10 वर्षों में सबने देखा है कि मोदी की गारंटी यानी गारंटी पूरा होने की भी गारंटी।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने विपक्ष पर अफवाहें फैलाकर देश के संविधान को राजनीतिक हथकंडे के तौर पर इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को कहा कि यह चुनाव उन्हें सजा देगा जो संविधान के खिलाफ हैं एवं देश को ‘‘विकसित भारत’’ बनाने के केंद्र के प्रयासों का विरोध कर रहे हैं। उन्होंने राजद और कांग्रेस सहित विपक्षी नेताओं पर संविधान के साथ राजनीति करने का भी आरोप लगाया।

बिहार के गया जिले में एक चुनाव रैली को संबोधित करते हुए मोदी ने कहा, ‘‘यह चुनाव ‘‘घमंडिया’’ गठबंधन के नेताओं को सजा देगा। यह चुनाव उन्हें सजा देगा जो संविधान के खिलाफ हैं एवं देश को ‘‘विकसित भारत’’ बनाने के केंद्र के प्रयासों का विरोध कर रहे हैं।’’

मोदी विपक्षी गठबंधन ‘‘इंडियन नेशनल डेवलपमेंटल इन्क्लूसिव अलायंस’’ (‘‘इंडिया’’) को अक्सर ‘‘घमंडिया’’ गठबंधन कहते हैं। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री एवं हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (एचएएम) के संस्थापक जीतन राम मांझी गया लोकसभा सीट से राजग के उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ रहे हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि यह चुनाव ‘‘विकसित भारत’’ और ‘‘विकसित बिहार’’ के लिए है। उन्होंने कहा, ‘‘कांग्रेस और उसके सहयोगी मुझे अपमानित करने के लिए संविधान के नाम पर झूठ बोल रहे हैं। राजग संविधान का सम्मान करता है। मोदी और भाजपा तो क्या स्वयं बाबा साहेब आंबेडकर भी इस संविधान को नहीं बदल सकते हैं, इसलिए विपक्ष झूठ फैलाना बंद करे।’’

प्रधानमंत्री ने कहा ,‘‘ मोदी को देश का यह पद राजेंद्र बाबू और बाबा साहब अंबेदकर का दिया हुआ है जिन्होंने संविधान का निर्माण किया। यह संविधान न होता तो कभी ऐसे पिछडे परिवार में पैदा हुआ गरीब का एक बेटा देश का प्रधानमंत्री नहीं बन सकता था ।’’

उन्होंने विपक्ष पर अपना प्रहार जारी रखते हुए कहा, ‘‘वे हमारे संविधान का राजनीतिकरण कर रहे हैं। वे ‘संविधान दिवस’ मनाने के ख़िलाफ़ हैं। हमारे लिए संविधान ‘‘आस्था’’ का विषय है।’’ उन्होंने कहा कि देश की जनता ने इस बार राजग को 400 से ज्यादा सीट देने का फैसला कर लिया है। मोदी ने कहा कि वे (विपक्षी नेता) सनातन धर्म को ‘‘डेंगू और मलेरिया’’ कहते हैं।

उन्होंने कहा, ‘‘वे तो एक भी सीट के हकदार नहीं हैं... उन्हें सजा मिलनी चाहिए।’’ उन्होंने राजद को ‘‘भ्रष्टाचार और गुंडा राज’’ का प्रतीक बताते हुए कहा कि उसने बिहार को सिर्फ दो चीजें दी हैं-- जंगलराज और भ्रष्टाचार क्योंकि राजद शासनकाल में भ्रष्टाचार एक उद्योग की तरह फला-फूला।

उन्होंने कहा , ‘‘बिहार के युवा कभी भी राजद को वोट नहीं देंगे... क्या लालटेन (राजद का चुनाव चिन्ह) से स्मार्ट मोबाइल चार्ज हो सकता है। जब लोग स्मार्टफोन के बारे में बात कर रहे हैं, तो वे लालटेन के बारे में बात कर रहे हैं।’’ मोदी ने कहा कि यह चुनाव ‘‘विकसित भारत’’ और ‘‘विकसित बिहार’’ के लिए है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने एक समृद्ध भारत बनाने का अवसर खो दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस और राजद सामाजिक न्याय के नाम पर केवल राजनीति करते हैं।

मोदी ने कहा ,‘‘ घमंडिया गठबंधन के पास कोई सोच नहीं है। ये लोग जब वोट मांगने जाते हैं, तो नीतीश जी के कामों पर वोट मांगते हैं। यह लोग नीतीश जी के और केंद्र सरकार के कामों का श्रेय स्वयं लेते हैं। पूरा बिहार जानता है कि राजद ने इतने वर्षों तक बिहार पर राज किया है लेकिन उनकी हिम्मत नहीं है कि अपनी सरकारों में क्या काम किया उसकी वे चर्चा करें।’’

उन्होंने कहा कि पिछले 10 वर्षों में देश में एक क्रांति देखी गई... महिलाओं के समग्र विकास के लिए... देश में दस करोड़ महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ीं और बिहार में 1.25 करोड़ महिलाएं। मोदी ने कहा कि विकास और विरासत दोनों राजग के एजेंडे में हैं। उन्होंने कहा,‘‘ हम भारत की विरासत को विश्व विरासत मानचित्र पर ले जाएंगे... जिससे गया को भी फायदा होगा।’’ 

ये भी पढ़ें- जम्मू कश्मीर: झेलम नदी में यात्रियों से सवार नाव पलटी, चार लोगों की मौत