बदायूं: पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में चले लाठी-डंडे, सीएचसी पर पथराव...तीन घायल

एक युवक की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल में कराया गया भर्ती

बदायूं: पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में चले लाठी-डंडे, सीएचसी पर पथराव...तीन घायल

सहसवान, अमृत विचार। पुरानी रंजिश के चलते कोतवाली सहसवान क्षेत्र के गांव शाहपुर तहरखेड़ा में दो पक्षों में विवाद हो गया। दोनों पक्ष में लाठी-डंडे चले। एक पक्ष के तीन लोग घायल हो गए। एक की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी विकार पुत्र वाहिद खां सुबह लगभग सात बजे दूध लेने डेयरी पर जा रहे थे। रास्ते में तुलन पुत्र जमील मिल गए। दोनों में पुरानी रंजिश को लेकर विवाद हो गया। शोर सुनकर दोनों पक्ष के लोग आ गए। कहासुनी हुई और लाठी-डंडे चलने लगे। विकार, उनके भाई इकरार, मिट्ठन पुत्र इशाक खां घायल हो गए। जिन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। 

आरोप है कि तुलन पक्ष के लोग सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। वहां भी कहासुनी होने के बाद मारपीट शुरू हो गई। एक-दूसरे पर पत्थर फेंकने लगे। अस्पताल का स्टाफ घबरा गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने तुलन पक्ष को पकड़कर कोतवाली ले गई। वहीं इकरार की हालत नाजुक होने पर चिकित्सक ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। विकार ने बताया कि दोनों पक्ष में पहले भी झगड़ा हुआ था। उस दौरान पुलिस ने दोनों पक्ष का समझौता करा दिया था। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है।

ये भी पढ़ें- बदायूं: सीएम आए फिर भी वन विभाग मार्ग की नहीं ली सुधि, पांच साल से उखड़ा पड़ा है सड़क