मुरादाबाद : 'योजनाओं के दम पर भारत 2047 में बनेगा विकसित देश, सबका साथ, सबका विकास है मोदी की गांरटी'

तीसरी बार सरकार बनने पर भारत बनेगा विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था, किसानों को मिला गन्ना मूल्य भुगतान, सरकार ने चलवाई पांच नई चीनीं मिलें

मुरादाबाद : 'योजनाओं के दम पर भारत 2047 में बनेगा विकसित देश, सबका साथ, सबका विकास है मोदी की गांरटी'

मुरादाबाद, अमृत विचार। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को बुद्धि विहार मैदान में जनसभा को संबोधित कर भाजपा के प्रत्याशियों व जनता में जोश भरा। उन्होंने सबका साथ सबका विकास को मोदी की गारंटी बताते हुए कहा कि सरकार की कल्याणकारी योजनाओं के दम पर 2047 में भारत विकसित राष्ट्र बनेगा। केंद्रीय गृहमंत्री ने भारत माता की जय, जय श्रीराम, लालबाग स्थित काली माता को नमन कर अपने भाषण की शुरुआत की। कहा कि नरेंद्र मोदी ने भारत की अर्थव्यवस्था को दस साल में 11वें नंबर से पांचवें नंबर पर लाकर विपक्ष की बोलती बंद कर दी। अबकी बार सरकार बनने पर देश विश्व में तीसरे नंबर की अर्थव्यवस्था बन जाएगा।

विपक्षी नेताओं पर अपराधीकरण, भ्रष्टाचार को संरक्षण देने के साथ ही राममंदिर निर्माण को लेकर निशाना साधा। बोले यह भाजपा का ही दम था कि कश्मीर से 5 अगस्त को कश्मीर से धारा 370 हटाकर दिखा दिया। अब आतंकवाद और भ्रष्टाचार अपराध खत्म हो गया है। अपराधी, भ्रष्टाचारी जेल में हैं। उपलब्धियां गिनाते हुए गृहमंत्री ने कहा कि मोदी सरकार ने 12 करोड़ लोगों को शौचालय दिया है। दस करोड़ महिलाओं को उज्जवला योजना के तहत निशुल्क गैस कनेक्शन दिया है। केंद्र सरकार ने 14 करोड़ लोगों को मुफ्त अनाज दिया है। 

आगे भी योजनाओं का लाभ ऐसे ही मिलता रहे तो तीसरी बार मोदी सरकार को लाना होगा। किसानों की बात कर गृहमंत्री ने कहा कि गन्ना मूल्य बढ़ाकर प्रदेश सरकार ने दिया। 20 से अधिक चीनी मिलें चलवाई और पांच नयी चीनी मिल खोली। क्या यह कम है। किसी और सरकार में क्या यह सुविधाएं मिली थीं इसका सवाल जनता के बीच उछाला, जवाब मिला नहीं। पार्टी के क्षेत्रीय प्रभारी व प्रदेश महामंत्री सुभाष यदुवंश ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से भारत का वैश्विक महत्व बढ़ा है ऐसे में हर भारतीय का सीना 56 इंच का हो जाता है। आज विपक्ष के हर झूठ का जवाब जनता भाजपा को जिताकर दे रही है। आज भाजपा के सर्वाधिक मुख्यमंत्री, मंत्री, विधायक, महापौर हैं, यह जनता का अपार प्रेम है। एक बार यह प्रेम केंद्र में 400 पार सीटें देकर तीसरी बार मोदी सरकार बनाएगा।

प्रदेश उपाध्यक्ष व विधान परिषद सदस्य सतपाल सैनी ने कहा कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को सुनने आई इस भीड़ को देखकर जनादेश स्पष्ट हो गया है। तीसरी बार नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प जनता ले चुकी है। उन्होंने जम्मू कश्मीर से अनुच्छेद 370 को समाप्त कर विपक्षी दलों की बोलती बंद कर दी है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने के लिए भाजपा प्रत्याशियों को जिताने का आह्वान किया।

क्षेत्रीय अध्यक्ष सत्येंद्र सिसौदिया ने कहा कि अमित शाह के नेतृत्व में भाजपा विश्व की सबसे बड़ी राजनैतिक पार्टी बनी। सभा को प्रदेश सरकार में मंत्री बलदेव सिंह औलख, विधान परिषद सदस्य गोपाल अंजान, डॉ. जयपाल सिंह व्यस्त ने भी संबोधित किया। इस दौरान नगर विधायक रितेश गुप्ता, भाजपा जिलाध्यक्ष आकाश पाल, लोकसभा प्रभारी अशोक पाल के अलावा महापौर विनोद अग्रवाल, पार्टी के महानगर अध्यक्ष संजय शर्मा सहित अन्य लोग भी मौजूद रहे।

भीड़ देखकर गदगद हुए भाजपाई
जनसभा में जुटी भीड़ को देखकर मंचासीन भाजपा नेता गदगद हो गए। विधान परिषद सदस्य जयपाल सिंह व्यस्त ने कहा सभी कुर्सियां भर गई हैं, और कुर्सियां आ रही हैं वह भी भरेंगी तो और कुर्सियां मिलेंगी। संचालन कर रहे डॉ. व्यस्त ने युवाओं में भी खूब जोश भरा।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद में अमित शाह बोले- भाजपा के शासन काल में आतंकवाद व अपराधीकरण का सफाया, प्रदेश की 80 सीटें जिताकर फिर बनवाएं मोदी सरकार