Kanpur News: सरसैया घाट पर चले सियासत के तीर टूटे दलों के बंधन...उड़ा गुलाल-अबीर

भाजपा, सपा-कांग्रेस और बसपा प्रत्याशी घूम-घूमकर सबसे गले लगकर मिलते रहे

Kanpur News: सरसैया घाट पर चले सियासत के तीर  टूटे दलों के बंधन...उड़ा गुलाल-अबीर

कानपुर, अमृत विचार। सरसैया घाट पर सजे ऐतिहासिक गंगा मेला में शनिवार शाम दलों के बंधन टूट गए। भाजपा, सपा-कांग्रेस और बसपा प्रत्याशी घूम-घूमकर सबसे गले मिलते रहे।

भाजपा, कांग्रेस- सपा और बसपा नेता एक दूसरे के कैंपों में जाकर मस्ती और ठिठोली करते नजर आए। मेले में लगे स्वयंसेवी, सामाजिक, जातीय और क्षेत्रीय संगठनों के कैंपों में भी सांस्कृतिक विविधता के बीच सियासत के रंगों की छटा बिखरी रही। 

IMG-20240331-WA0010

लोकसभा चुनाव के चलते राजनीतिक माहौल की छाप सरसैया घाट पर लगे गंगा मेला में साफ दिखायी दी। चुनाव आचार संहिता का असर रहा कि राजनीतिक दलों ने कैंप तो लगाए पर अपने दल का नाम लिखने से परहेज किया। शहर कांग्रेस अध्यक्ष नौशाद आलम मंसूरी बोले, दल के नाम वाला बैनर लगाने की मनाही थी।

मेले में भाजपा प्रत्याशी रमेश अवस्थी और सपा-कांग्रेस प्रत्याशी आलोक मिश्रा का पूरा फोकस जनसंपर्क पर दिखायी दिया। जहां एक ओर भाजपा व संघ परिवार के लोग सक्रिय दिखे तो कांग्रेस-सपा समर्थक भी लगातार घूमते नजर आए।

IMG-20240331-WA0023

भाजपा प्रत्याशी रमेश अवस्थी, विधायक सुरेंद्र मैथानी, सांसद सत्यदेव पचौरी, उत्तर व दक्षिण जिलाध्यक्ष दीपू पांडे, शिवराम सिंह, जगदीश तिवारी, पूनम कपूर, पूर्व विधायक रघुनंदन भदौरिया, आरएसएस के अनिल ओक, प्रांत संघ चालक भवानी भीख तिवारी, अमरनाथ आदि विभिन्न कैंपों में लोगों से मिलते-जुलते दिखाई दिए।

सपा-कांग्रेस प्रत्याशी आलोक मिश्रा के साथ कांग्रेस शहर अध्यक्ष नौशाद आलम मंसूरी, सपा शहर अध्यक्ष फजल महमूद, पूर्व विधायक भूधर नारायण मिश्रा, नेकचंद्र पांडेय, सपा विधायक अमिताभ वाजपेयी, मोहम्मद हसन रूमी अपने समर्थकों के साथ गले मिलते नजर आए।

बसपा के कैंप में लोगों को गुलाल लगाकर, गले मिलकर बधाई दी गई। यहां मुख्य मंडल प्रभारी बीपी अंबेडकर, जिलाध्यक्ष राजकुमार कप्तान, जिला प्रभारी पंकज जगत, अकबरपुर लोकसभा के प्रत्याशी राजेश द्विवेदी, पूर्व प्रत्याशी देवीप्रसाद तिवारी, नगर लोकसभा प्रत्याशी कुलदीप भदौरिया, पूर्व जिलाध्यक्ष बबलू चौधरी, अरुण मिश्रा, रजनीश तिवारी, विधानसभा प्रभारी पन्नालाल जैसवार, हरिकिशन ब्रम्हा, रामआसरे कुरील, ओपी प्रजापति आदि मौजूद रहे।

समाजवादियों के साथ पूर्व मंत्री शिवकुमार बेरिया की नेता नगरी सजी दिखायी दी। मैगसेसे अवार्डी संदीप पांडेय का सोशलिस्ट पार्टी (इंडिया) के कैंप में वामदल कार्यकर्ता सक्रिय रहे। वकीलों और मीडिया के कैंपों में भी खूब भीड़भाड़ रही। 

भोजपुरी और पूर्वांचल समाज को साधने की लगी रही होड़

मेले में भोजपुरी समाज का कैंप आकर्षण का केंद्र रहा। कानपुर लोकसभा क्षेत्र में भोजपुरी और पूर्वांचल समाज का वोट अच्छा खासा है। प्रत्याशियों के लिए यह समाज राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जाता है। यही वजह रही कि ऐसे कैंपों पर गले मिलने को लेकर तीनों दलों के प्रत्याशियों का फोकस रहा। 

जातीय संगठनों के कैंपों की रही भरमार

मेले में जातीय संगठनों जैसे ब्राह्मण, क्षत्रिय, वैश्य, लोधी, कुशवाहा, विश्वकर्मा, भट्ट ब्राह्मण समाज के कैंप बहुतायत में दिखायी दिए। जिला प्रशासन और पुलिस के कैंप में जनता से नजदीकियों का दृश्य देखने वाला रहा। नगर निगम, जलकल का कैंप नागरिक सुविधाओं की बेहतर अलंबरदारी का प्रमाण दर्शा रहा था। जिलाधिकारी आरके सिंह, पुलिस अधिकारियों के साथ सड़क पर घूमते नजर आए।

ये भी पढ़े- Kanpur Ganga Mela: छतोंं से रंग बरसाते रहे होरियारे...निकला रंग का ठेला, मस्ती में मगन दिखे लोग, कुछ ऐसा होता है शहर का गंगा मेला, देखें- PHOTOS