शाहजहांपुर: भाजपा के वरिष्ठ नेता जापान बाबू का निधन, पंचतत्व में हुए विलीन...सीएम योगी ने जताया दुख

शाहजहांपुर: भाजपा के वरिष्ठ नेता जापान बाबू का निधन, पंचतत्व में हुए विलीन...सीएम योगी ने जताया दुख

शाहजहांपुर, अमृत विचार: भाजपा के दिग्गज नेताओं में शुमार किए जाने वाले जिले के वरिष्ठ नेता निर्भय चंद्र सेठ उर्फ जापान बाबू का शुक्रवार रात निधन हो गया। वह काफी समय से बीमार चल रहे थे। जापान बाबू 82 वर्ष के थे।

शनिवार को पार्टी के झंडे में दिवंगत नेता की शवयात्रा निकाली गई। उनके मंदिर गंज स्थित निज आवास से अंतिम यात्रा शुरू हुई, जो सरोदी बंगला, कच्चा कटरा, कोतवाली, चौक, चारखंबा, राजघाट चौकी होते हुए गर्रा मोक्ष धाम पहुंची, जहां उनके पुत्र विनय चंद्र सेठ ने मुखाग्नि दी। जापान बाबू के निधन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी शोक व्यक्त किया है। 

जापान बाबू भाजपा जिलाध्यक्ष, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य, राष्ट्रीय परिषद सदस्य रहने के साथ ही दो बार लोकसभा और एक बार राज्यसभा का चुनाव भी लड़े। वह जिले की राजनीति की धुरी कहे जाते थे। उनके निधन का समाचार सुनते ही सैकड़ों लोग उनके मंदिर गंज स्थित कोठी पर सुबह से ही पहुंचने शुरू हो गए थे। सभी ने अंतिम दर्शन कर भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। दिवंगत नेता के पार्थिव शरीर को भाजपा के झंडे में लपेटकर फूलों से सुसज्जित रथ पर रखकर शहर में अंतिम यात्रा निकाली गई। जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर दिवंगत को विदाई दी। 

वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना भी सूचना पाकर सीधे उनके आवास पहुंच गए। उन्होंने पुष्पचक्र अर्पित किया। खन्ना ने कहा कि जापान बाबू ने भाजपा के जो पौधे लगाए थे, वह आज वट वृक्ष के रूप में देश और समाज की सेवा कर रहे हैं। वह भाजपा की रीढ़ कहे जाते थे। लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद ने भी जापान बाबू के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए शोकसंवेदना व्यक्त की है। सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर ने कहा कि जापान बाबू ने पार्टी हित में जो सपने देखे थे, वे सभी पूरे हुए। उनका योगदान अतुलनीय व अविस्मरणीय है।

अंतिम यात्रा में कैबिनेट मंत्री सुरेश खन्ना और सांसद अरुण सागर ने कंधा भी दिया। जापान बाबू की अंतिम यात्रा में भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्ण चंद्र मिश्र, एमएलसी डॉ. सुधीर गुप्ता, विधायक चेतराम पासी, विधायक हरिप्रकाश वर्मा, विधायक वीर विक्रम सिंह, डीसीबी चेयरमैन डीपीएस राठौर, पूर्व जिलाध्यक्ष वीरेंद्र पाल सिंह यादव, बलवीर सिंह, श्याम नारायण मिश्रा, सत्यभान भदौरिया, बाबूराम गुप्ता, 

पैक्सफेड उपाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह, राजेश वर्मा, पूर्व विधायक राजेश यादव और रोशन लाल, डॉ. रविमोहन, अरविंद सिंह, रविंद्र सिंह राठौर, बरेली ब्लॉक प्रमुख नमित दीक्षित, प्रियांशु रघुवंशी, श्रीदत्त शुक्ला, भानू प्रताप सिंह, अरूण यादव चैनू, रमाकांत मिश्रा, कौशल मिश्रा, नवनीत पाठक, अशोक अग्रवाल, डॉ. यूडी कपूर, डॉ. बृजेंद्र सक्सेना, डॉ. मोहित मोहन, डॉ. संजीव कनौजिया, हरगोविंद मोदी, भूपेंद्र सिंह भन्नू, प्रमोद चंद्र सेठ, अनिल गुप्ता, विनीत मिश्रा समेत सैकड़ों लोग शामिल हुए। 

सीएम ने शोक संदेश भेज जताया दुख
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शोक संदेश भेजकर जापान बाबू के निधन पर गहरा दुख व्यक्त किया है। सीएम ने अपने शोक संदेश में कहा कि जापान बाबू पार्टी के योग्य एवं समर्पित कार्यकर्ता थे। वह शाहजहांपुर के जिलाध्यक्ष भी रहे। राष्ट्रवाद के लिए सेठ परिवार का समर्पण कई पीढ़ियों से है। उनका निधन समाज, पार्टी और परिवार के अपूर्णीय क्षति है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को चिर शांति और परिवारजनों को अपार दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करे।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: ताहिर की लखनऊ में इलाज के दौरान मौत, एसपी कार्यालय में खुद को लगाई थी आग