बदायूं: बुजुर्ग महिलाओं के खींचता था कुंडल...10 दिन में 5 घटनाओं को दिया अंजाम, मुठभेड़ के बाद आरोपी पकड़ा

बदायूं: बुजुर्ग महिलाओं के खींचता था कुंडल...10 दिन में 5 घटनाओं को दिया अंजाम, मुठभेड़ के बाद आरोपी पकड़ा

बदायूं, अमृत विचार: कोतवाली बिल्सी पुलिस ने दस दिनों में पांच वृद्ध महिलाओं के कुंडल खींचने के शातिर आरोपी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने उससे रुकने को कहा तो उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी।

बचाव में पुलिस ने आरोपी के पैर में गोली मार दी। उसके पास से सोने के दो कुंडल, 9700 रुपये, एक तमंचा व तीन खोखा कारतूस बरामद हुए। उसने 12 से 19 फरवरी के बीच विभिन्न क्षेत्रों में घटनाओं को अंजाम दिया था। सीसीटीवी कैमरे की फुटेज के आधार पर पुलिस ने खुलासा किया है। आरोपी को जेल भेजा गया। 

बिल्सी क्षेत्र के मोहल्ला आठ निवासी शादाब पुत्र गुड्डू शातिर किस्म का है। वह मजदूरी करता था। दोपहर में लंच के समय काम से चला जाता था। कस्बा से बाहर रास्तों पर दिन दहाड़े बुजुर्ग महिलाओं के कुंडल छीनकर भाग जाता था। दोबारा काम पर लौट जाता था। उसका गिरोह न होने से पुलिस के लिए वह चैलेंज बन गया था। 21 फरवरी को नाती को स्कूल से लेकर लौट रहीं कस्बा पांच निवासी प्रमोद देवी के कुंडल छीने थे।

पुलिस ने लूट की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। इससे पिछले दिन भी दूसरी महिला के कुंडल छीनने की घटना हुई थी। पुलिस ने घटनास्थल के पास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज चेक की। आरोपी की पहचान हो गई। पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। गुरुवार रात लगभग दो बजे पुलिस को उसके बरनी से ढकपुर मोड़ पर होने की सूचना मिली। 

प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार सिंह, निरीक्षक अपराध उमेश कुमार, उपनिरीक्षक सत्यपाल सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने उसे रुकने को कहा तो उसने पुलिसकर्मियों पर तमंचे से फायर किया और भागने लगा। पुलिस ने अपनी आत्मरक्षा में फायर किया। गोली आरोपी के पैर में लगी। पुलिस ने उसे पकड़ लिया। 

पुलिस ने उसे बिल्सी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर भर्ती कराया। चिकित्सक ने प्राथमिक उपचार कराकर उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया। उसके खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की गई है। शुक्रवार को एसपी देहात राम मोहन सिंह ने खुलासा करके जानकारी दी। सीओ बिल्सी सुशील कुमार मौजूद रहे। गिरफ्तारी करने वाली टीम में हेड कांस्टेबल राजीव कुमार, कांस्टेबल उमाशंकर, संजय कुमार, सचिन कुमार, मुलायम सिंह रहे।

विरोध न हो इसलिए बुजुर्ग महिलाओं को बनाया निशाना
आरोपी बहुत शातिर है। लोगों को दिखाने के लिए मजदूरी करता है लेकिन दोपहर में खाना खाने के बहाने निकल जाता था। पिछले दिनों से ज्यादा सक्रिय हो गया था। उसका कोई विरोध न हो इसलिए वह बुजुर्ग महिलाओं को निशाना बनाता था। बहुत सी महिलाओं ने शिकायत तक नहीं की थी लेकिन एक पीड़ित महिला ने शिकायत की तो सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से खुलासा हो गया।

यह भी पढ़ें- Budaun News: 16 मार्च से होंगी परिषदीय स्कूलों की परीक्षा, जानिए पूरी डिटेल्स