Budaun News: गांव-गांव तक चलेंगी रोडवेज बसें, यात्रियों को मिलेगी राहत

Budaun News: गांव-गांव तक चलेंगी रोडवेज बसें, यात्रियों को मिलेगी राहत

सांकेतिक फोटो

बदायूं, अमृत विचार: ग्रामीणों की सुविधा के लिए सरकार ग्रामीण अंचल में गांव गांव तक रोडवेज बस चलाने जा रही है। जिसके निर्देश रोडवेज परिवहन निगम की ओर से सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक को निर्देश जारी किए हैं। शासन से मिले आदेश पर स्थानीय स्तर पर इसकी तैयारियां जोरों पर चल रही हैं। अधिकारी प्रत्येक गांव की सड़कों का सर्वे कराया जा रहा है। इसके बाद रिपोर्ट मुख्यालय को भेजी जाएगी। बस सुबह यात्रियों को लेकर आयेगी और शाम तो लेकर जायेगी, चालक-परिचलक बस के साथ गांव में ही स्टे करेंगे। 

देहात क्षेत्र के लोगों के लिए तहसील और जिला मुख्यालय आने के लिए के लिए डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ता है। सड़क होने के बाद भी बसों का संचालन होने की वजह से उन्हें स्वयं के वाहनों का सहारा लेना पड़ता है या फिर टैंपो और ईको गाड़ी से अपने गंतव्य तक पहुंचते हैं। ऐसी स्थिति पर शासन की ओर से गांव-गांव रोडवेज बसें चलाने के निर्देश दिए हैं। जिसके लिए उन गांवो का सर्वे कराया जा रहा है। जिन गांवों की सड़कें कस्बे और जिला मुख्यालय के लिए जोड़ती हैं।  

शासन ने परिवहन निगम और परिवहन विभाग को सर्वे की जिम्मेदारी सौंपी है। परिवहन विभाग और रोडवेज निगम के अधिकारियों ने सर्वे शुरू कर दिया है। वे शहर से गांव तक आवागमन के साधन और सड़क मार्ग का परीक्षण कर रहे हैं। गांव के लोग किन साधनों से नजदीक वाले कस्बा, मुख्य सड़क मार्ग और शहर तक पहुंचते हैं, इसका विवरण जुटाया जा रहा है। इसके बाद रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। जिससे ग्रामीण क्षेत्र के लोगों का आवागमन सुगम हो सके। 

सड़क कम चौड़ी होने पर चलेंगी छोटी बसें 
कस्बा और जिला मुख्यालय पर आने के लिए अगर किसी गांव की सड़क चौड़ी नहीं है। ऐसी स्थिति में वहां तक छोटी बसें चलाई जाएंगी। चौड़ी सड़क पर बड़ी बसों का संचालित किया जाएगा। बसों के आवागमन व ठहराव वाले मार्ग से एक किमी दूर वाले गांव को ही सुविधा संपन्न गांव माना जाएगा। इससे अधिक दूरी वाले गांव में बसें चलाई जाएंगी। बस के संचालन का प्रस्ताव 100 किमी की दूरी से अधिक नहीं होगा। रिपोर्ट के आधार पर साधन विहीन गांवों को भी सुविधा संपन्न बनाया जाएगा। 

 शासन के दिशा-निर्देश पर जिले के ग्रामीण क्षेत्रों का सर्वे कराया जा रहा है। सर्वे का काम पूरा होने पर रिपोर्ट शासन को भेजी जाएगी। इसके बाद शासन के आदेश पर गांवों तक बसों का संचालन शुरू किया जाएगा---डीके चौबे, सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक, रोडवेज डिपो।

यह भी पढ़ें- Budaun News: फरार हत्यारोपी से पुलिस की मुठभेड़, दरोगा और आरोपी को लगी गोली