Kanpur से छह हजार भाजपाई रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या रवाना, जय श्री राम के उद्घोष से वातावरण हुआ राममय

Kanpur से छह हजार भाजपाई रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या रवाना, जय श्री राम के उद्घोष से वातावरण हुआ राममय

कानपुर से करीब 120 बसों से 6 हजार भाजपा कार्यकर्ता रामलला के दर्शन करने के लिए अयोध्या को रवाना हुए। भाजपा कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष प्रकाश पाल ने हरी झंडी दिखाकर बसों व चार पहिया वाहनों को रवाना किया।

कानपुर, अमृत विचार। 22 जनवरी को अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा समारोह होने के बाद देशवासियों में अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करने का उत्साह चरम पर है। हर कोई अयोध्या जाकर रामलला के दर्शन करना चाहता है। देश भर से प्रतिदिन लगभग तीन लाख भक्त श्रीराम के दर्शन करने के लिए अयोध्या पहुंच रहे है।

मंगलवार को भाजपा उत्तर एवं दक्षिण जिलाध्यक्ष दीपू पांडेय व शिवराम सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ता अयोध्या को रवाना हुए। शहर से करीब 120 बसों से 6 हजार भाजपा कार्यकर्ता रामलला के दर्शन करने के लिए अयोध्या को रवाना हुए। जिसमें भाजपा कानपुर बुंदेलखंड क्षेत्र के अध्यक्ष प्रकाश पाल ने हरी झंडी दिखाकर बसों व चार पहिया वाहनों को रवाना किया।

क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कार्यकर्ताओं से कहा कि 'वर्तमान पीढ़ी बहुत ही सौभाग्यशाली है कि उन्हें रामलला के ऐसे दर्शन करने का अवसर मिल रहा है। यह सिर्फ इसलिए नहीं हुआ है कि सभी ने इसके लिए काम किया है बल्कि भगवान के आशीर्वाद और इच्छा के कारण यह देव कार्य संभव हो पाया।

पार्टी की ओर से क्षेत्रीय पदाधिकारी, जिला पदाधिकारी, मंडल, शक्ति केंद्र एवं बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को अयोध्या में नव निर्मित भगवान श्रीराम मंदिर के दर्शन कराने के लिए बसों की व्यवस्था की गई थी। जिस समय राम मंदिर दर्शन को अयोध्या चलो के बैनर, पोस्टर लगी एक साथ इतनी ज्यादा बसें निकली तो कार्यकर्ताओं द्वारा जय श्री राम के उद्घोष से वातावरण राममय हो गया।

इस मौके पर शिवराम सिंह, राम बहादुर, विनोद मिश्रा, जसविंदर सिंह, मनीष त्रिपाठी, शिवम मिश्रा, अरविंद वर्मा, वंदना गुप्ता सहित मोर्चा पदाधिकारी व सभी मंडल अध्यक्ष मौजूद रहे।

ये भी पढ़ें- Weather Forecast Kanpur: फरवरी की बारिश ने तोड़ा 10 साल का रिकॉर्ड... मौसम विभाग का कल से ये है अनुमान