बहराइच: 21 जनवरी से एक पंडाल में गूजेंगे मंत्र और पढ़ा जायेगा निकाह
14 ब्लॉक में 800 जोड़ों की होगी शादी, सामूहिक विवाह के लिए लाभार्थियों का हुआ सत्यापन

बहराइच। जिले में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह कार्यक्रम 21 जनवरी से 14 ब्लॉकों में शुरू होगा। जिला प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह के लाभार्थियों का चयन कर लिया गया है। सत्यापन कर विवाह की तैयारी पूरी कर ली गई है। इसके लिए ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई है। सामूहिक विवाह योजना में 800 जोड़ों का इसका लाभ मिलेगा।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में गरीब परिवार की लड़कियों का विवाह होता है। इसके लिए लड़कियों के परिवार के लोग समाज कल्याण विभाग में संबंधित ब्लाक के अधिकारियों द्वारा अपने कागजात जमा करवाते हैं। इस बार जिले में 21 जनवरी से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह का आयोजन शुरू होगा। जिलाधिकारी मोनिका रानी ने बताया कि जिले के 14 विकासखंड में 21 जनवरी से सामूहिक विवाह शुरू होगा। सामूहिक विवाह क्षेत्र के ब्लॉक मुख्यालय और नगर पंचायत में होगा। उन्होंने बताया कि सरकार की ओर से दिए गए लक्ष्य की पूर्ति कर ली गई है।
जिलेभर में कुल 800 जोड़ों का ब्लॉक परिसर में सामूहिक विवाह आयोजित होगा। उन्होंने बताया कि सामूहिक विवाह क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों और नोडल अधिकारी के साथ खंड विकास अधिकारी की मौजूदगी में होगा। डीएम ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में शामिल लाभार्थियों का सत्यापन जिले के अधिकारियों द्वारा कर ली गई है, इसकी रिपोर्ट भी शासन को भेज दी गई है। रिपोर्ट के आधार पर सामूहिक विवाह के जोड़ों की शादी होगी। उन्होंने बताया कि विवाह में दान दहेज के साथ वर और वधू पक्ष को भोज भी कराया जाएगा।
प्रति ब्लॉक को मिला 50 जोड़ों का लक्ष्य
जिलाधिकारी मोनिका रानी ने बताया कि जिले में 14 विकासखंड है शासन की ओर से प्रत्येक विकासखंड को 50-50 जोड़ो का शादी करवाने का लक्ष्य दिया गया था। लेकिन अधिकारियों की मेहनत से लक्ष्य से अधिक जोड़े पंजीकृत कर दिए गए हैं लगभग 800 जोड़ों का विवाह होगा।
एक पंडाल में होगा निकाह और फेरे
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह 21 जनवरी से शुरू होकर 30 जनवरी तक चलेगा। सामूहिक विवाह में सभी वर्ग के पात्र लाभार्थी शामिल होंगे। इसकी एक अलग विशेषता होगी कि एक ही पंडाल में मुस्लिम समुदाय की बेटियों का निकाह होगा तो हिंदू समुदाय की बेटियों द्वारा सात फेरे लिए जाएंगे। दोनों समुदाय को एक मंच से विदाई और दहेज का सामान मिलेगा।
मोनिका रानी, डीएम
यह भी पढ़ें: गोंडा: अब इंटर तक के स्कूलों में 13 तक छुट्टी, कड़ाके की ठंड के चलते डीएम ने दिया आदेश