रुद्रपुर: हम चीजों को उलझाने नहीं सुलझाने का काम करते हैं - धामी

रुद्रपुर, अमृत विचार। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि हम चीजों को उलझाने नहीं सुलझाने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि बाजपुर के 20 गांवों की समस्या का स्थायी समाधान निकाला जाएगा। इसके लिए बनायी गयी कमेटी रिपोर्ट तैयार कर रही है। जल्दबाजी में कुछ कहना ठीक नहीं है।
सोमवार को गिल रिजोर्ट में युवा सिख सम्मेलन के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि तराई को आबाद करने में सिक्ख समाज का बहुत बड़ा योगदान रहा है। प्रथम गुरु गुरुनानक से लेकर दशमेश गुरुओं के किसी न किसी रूप में चरण पड़े और आशीर्वाद मिला है। उनके आशीर्वाद से यह धरती कृषि के क्षेत्र में, उद्योग के क्षेत्र में, आज विकास के क्षेत्र में पूरे हिन्दुस्तान के अंदर एक लघु भारत (मिनी इण्डिया) के स्वरूप का संदेश पूरे विश्व में जाता है।
इससे पूर्व उन्होंने प्रथम गुरु गुरुनानक से लेकर दशमेश गुरु तक सभी को नमन किया। उन्होंने कहा कि सभी का सहयोग, प्रेम व एकजुटता ही है जो हमें विषम परिस्थितियों में भी प्रदेश में अनेकों-अनेकों विकास कार्य करने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि दशमेश से लेकर समस्त देवी देवताओं को नमन करते हुए प्रार्थना की कि उनके अंदर जो राज्य की सेवा करने का भाव है और समाज को आगे पहुंचाने का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संकल्प है।
वह संकल्प और मजबूत हो यह सेवा भाव हमारे अंदर दिन प्रतिदिन बढ़ता रहे, जिससे अपने दायित्वों के साथ न्याय कर सकूं। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, विधायक शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, अरविंद पांडे, पूर्व विधायक राजेश शुक्ला, डॉ.शैलेन्द्र मोहन सिंघल ने भी अपने-अपने विचार व्यक्त किये गये। कार्यक्रम का संचालन गुरविंदर सिंह चंडोक ने किया।
सभी गुरुओं ने पूरे राष्ट्र और धर्म को एक सूत्र में पिरोने का किया कार्य
रुद्रपुर। सीएम धामी ने कहा कि गुरुनानक जी से लेकर गुरु तेगबहादुर तक समस्त गुरुओं ने राष्ट्र को प्रथम रखा और पूरे राष्ट्र और धर्म को एक सूत्र में पिरोने का कार्य किया। इसके लिए उन्होंने जितनी कुर्बानियां दी वह हम सब भली भांति जानते हैं। इसलिए आज भी हम उनका श्रद्धापूर्वक स्मरण करते हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने श्रद्धापूर्वक शहजादों की कुरबानी पर वीर बाल दिवस मनाने का संकल्प लिया था और पूरे देश में वीर बाल दिवस मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का जो एक भारत, श्रेष्ठ भारत का ध्येय वाक्य है, इस वाक्य को जीवंत करने का कार्य कोई कर रहा है तो हमारी सिख परंपरा कर रही है।
गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक दूरी 9 मिनट में होगी पूरी
रुद्रपुर। सीएम धामी ने कहा कि पीएम मोदी ने करतापुर साहब नानक साहिब में 120 करोड़ की लागत से कोरीडोर की व्यवस्था करने का काम किया है। हमें नो रत्न समर्पित किये हैं। उसमें से एक रत्न हमारा गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक बनने वाला रोपवे है, जिससे 19 किमी. की पैदल चलने वाली चढ़ाई 9 मिनट में पूरी हो जायेगी।
प्रदेश में जल्द होगा यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू
रुद्रपुर। सीएम धामी ने कहा कि मुख्यमंत्री बनने के बाद उन्होंने कठोर कदम उठाए है। इसमें नकल रोकने के लिए देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून, धर्मान्तरण विरोधी कानून, लैंड और लव जिहाद, महिला आरक्षण शामिल है। उन्होंने कहा कि जल्द ही प्रदेश में यूनिफॉर्म सिविल कोड लागू किया जायेगा।
देश के विकास में रहा सिख समाज का अहम योगदान: बहुगुणा
रुद्रपुर। कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि वर्ष 2014 में पीएम मोदी देश के प्रधानमंत्री बने। तब से लेकर आज तक सिख समुदाय के प्रति उनका लगाव रहा है। दिल्ली में चले किसान आंदोलन के दौरान भी प्रधानमंत्री ने किसानों के बारे में सोचा और सम्मान किया। साथ ही विधेयक को वापस लिया। उन्होंने कहा इस समाज ने देश को विकास के क्षेत्र आगे ले जाने में काफी योगदान रहा है। आगे भी समाज के लोगों से यही उम्मीद रहेगी।
यूपी में जंगलात की जमीन पर रहे लोगों को दिया जाएगा भूमिधरी का अधिकार: औलख
रुद्रपुर। उत्तर प्रदेश के राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख ने कहा कि भाजपा का शीर्ष नेतृत्व सिख समाज को बसाना चाहता है उजाड़ना नहीं। इसलिए सिख समाज भाजपा के साथ है और रहेगा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के सिख समाज की समस्याओं को निस्तारण सीएम करेंगे। जबकि उत्तर प्रदेश में सीएम योगी आदित्यनाथ सिख समाज के लोगों की समस्या का निराकरण कर रहे हैं। जल्द ही उत्तर प्रदेश में जंगलात की जमीन पर रहने वालों को भूमिधरी का अधिकार दिया जाएगा।
यह लोग रहे मौजूद-
जिलाधिकारी उदयराज सिंह, एसएसपी मंजूनाथ टीसी, अपर जिलाधिकारी जय भारत सिंह, अल्पसंख्यक आयोग के उपाध्यक्ष सरदार इकबाल सिंह, किसान आयोग के उपाध्यक्ष राजपाल सिंह, दर्जा राज्य मंत्री उत्तम दत्ता, बीजेपी जिलाध्यक्ष गुंजन सुखीजा, कमल जिंदल, विकास शर्मा, भारत भूषण चुघ, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा के अलावा जनसमूह उपस्थित था।