अयोध्या: सामान्य से नीचे लुढ़कने लगा है पारा, रविवार को 10 डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान

अयोध्या। दिसम्बर माह के 10 दिन बीतते ही सर्दी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। आलम यह है कि अधिकतम तापमान अब सामान्य से नीचे आने लगा है। हालांकि रविवार को दिन में सूर्य देव ने दर्शन देकर लोगों को राहत पहुंचाया, लेकिन शाम होते ही सर्द हवाओं ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया।
मौसम विभाग का मानना है कि अगले 24 घंटे में मौसम शुष्क बने रहने की संभावना है। रविवार को धूप खिलते ही पार्कों में रौनक लौट आई। बच्चों ने संडे को फन-डे बनाकर लुत्फ उठाया। खास तौर पर कंपनी गार्डेन में भी दोपहर के समय अच्छी खासी भीड़ जुटी दिखाई पड़ी।
आचार्य नरेंद्र देव कृषि विवि के मौसम वैज्ञानिक डॉ. सीताराम मिश्र ने बताया कि रविवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया, जो कि सामान्य से 0.5 डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया। न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सर्द हवाएं 4.7 किमी से रफ्तार से चलीं।
यह भी पढ़ें: अयोध्या पुलिस को मिली सफलता, मुठभेड़ में दो युवकों को किया गिरफ्तार, तलाशी में मिला यह अहम सामान