काशीपुर: नकाबपोशों ने नहीं बल्कि जुनैद ने ही मारी थी खुद को गोली

काशीपुर, अमृत विचार। एक हिस्ट्रीशीटर जुनैद ने पत्नी से विवाद के चलते खुद को गोली मारी थी। उसका पत्नी के मायके जाना पसंद नहीं था। इसी कहासुनी में बात बढ़ गई और उसने वारदात को अंजाम दे दिया। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
मोहल्ला अल्ली खां निवासी जुनैद उर्फ कुंजा पुत्र रईस अहमद हाल ही में जमानत पर छूटकर आया है। शनिवार की शाम पुलिस को सूचना मिली कि हाल ही में जमानत पर छूटकर आए अल्ली खां निवासी जुनैद उर्फ कुंजा पुत्र रईस को कंधे से नीचे हाथ में गोली लगी है। इस सूचना पर एएसपी अभय सिंह, कोतवाल मनोज रतूड़ी पुलिस फोर्स की साथ मौके पर पहुंचे।
तब तक जुनैद को एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया जा चुका था। पुलिस ने घटना के संबंध में घायल के परिजनों व परिचितों से जानकारी जुटाई। पुलिस ने जुनैद के घर से एक तमंचा भी बरामद किया है। जुनैद की अपने ससुरालियों के साथ संबंध ठीक नहीं थे। वह पत्नी को ससुराल जाने से रोकता है, लेकिन पत्नी परिवार को छोड़ने को राजी नही थी। शुक्रवार की शाम जुनैद अपनी पत्नी को बुलाने के लिए मायके गया था।
वहां उनके बीच फिर से विवाद हुआ। नशे की हालत में जुनैद ने देसी तमंचे से खुद को गोली मार ली। उधर जुनैद ने पुलिस को गोली नकाबपोश दो बदमाशों द्वारा मारने की बात बताई थी। जोकि जांच में झूठी निकली। एसपी सिटी अभय सिंह ने कहा कि गोली लगना प्रथम दृष्टया संदिग्ध लग रहा था। जांच में जुनैद की पत्नी से झगड़ा होने और स्वयं गोली मारने की बात निकल कर सामने आई है। जिसके आधार पर पुलिस अग्रिम कार्रवाई अमल में लाएगी।