होमगार्ड स्थापना दिवस: रैतिक परेड में जवानों ने कारागार मंत्री धर्मवीर प्रजापति को दी सलामी

होमगार्ड स्थापना दिवस: रैतिक परेड में जवानों ने कारागार मंत्री धर्मवीर प्रजापति को दी सलामी

अमृत विचार, लखनऊ। होमगार्ड्स संगठन स्थापना के 62वें स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर बुधवार को होमगार्ड्स मुख्यालय पर भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। होमगार्ड्स स्थापना दिवस पर बतौर मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के कारागार एवं होमगार्ड्स राज्यमंत्री धर्मवीर प्रजापति शामिल हुए। कारागार मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने होमगार्ड्स की रैतिक परेड का मान-प्रणाम स्वीकार किया। साथ ही कार्यक्रम के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले होमगार्ड्स को कारागार मंत्री ने सम्मानित भी किया। इस दौरान अपर मुख्य सचिव अनिल कुमार डीजी कारगार एस.एन. सावंत, डीआईजी विवेक कुमार सिंह, कमांडेंट जनरल होमगार्ड विजय कुमार मौर्य, रणजीत कुमार सिंह, ए.के. सिंह समेत अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे। 

होमगार्ड स्थापना दिवस रैतिक परेड में जवानों ने मंत्री धर्मवीर प्रजापति को दी सलामी (1)

वहीं इस मौके पर कारागार मंत्री धर्मवीर प्रजापति ने कहा कि आज का रैतिक परेड कार्यक्रम ऐसा प्रतीत हो रहा था कि जैसे 26 जनवरी की ही कोई झांकी हो। आज हमारा होमगार्ड जवान प्रशासनिक ड्यूटी के साथ-साथ सामाजिक कार्यों को भी बखूबी निभा रहा है। साल 2017 से प्रदेश सरकार में सीएम योगी के नेतृत्व में होमगार्ड जवानों के बेहतरी के लिए बहुत से कार्य किए गए हैं। होमगार्ड जवानों का दैनिक भत्ता 375 रुपये से बढ़ाते हुए रूपये 600 कर दिया गया है और साथ ही डी ए भी दिया जा रहा है। साथ ही उनके असामयिक निधन पर मुख्यमंत्री की तरफ से 5 लाख रुपये की सहायता राशि और 30-40 लाख रुपए की मृतक बीमा राशि भी प्रदान की जाती है। 

होमगार्ड स्थापना दिवस रैतिक परेड में जवानों ने मंत्री धर्मवीर प्रजापति को दी सलामी (2)

उन्होंने कहा कि होमगार्ड जवानों के ड्यूटी एवं भत्ते को लेकर पहले अनियमितता की लगातार शिकायतें मिलती थी लेकिन अब पारदर्शी व्यवस्था अपनाते हुए ड्यूटी एवं भत्ता से लेकर अन्य सभी रिकॉर्ड ऑनलाइन कर दिया गया है। इसके अलावा सॉफ्टवेयर से उनकी ड्यूटी लगायी जा रही है। कारागार मंत्री ने आगे कहा कि वृक्षारोपण से लेकर गंगा सफाई एवं नदियों-नालों की सफाई के साथ-साथ हमारा होमगार्ड जवान विभिन्न आपदाओं के समय  से उपस्थित रहकर सभी दायित्वों का निर्वहन पूरी लगन और तत्परता से कर रहा है। उन्होंने बताया कि मंदिरों और सड़कों पर अगर कोई भी विकलांग, बुजुर्ग, पुरुष या महिला दिखे तो उसकी मदद करने की हमने होमगार्ड जवानों को निर्देश दिए हैं।

ये भी पढ़ें:- लखनऊ: प्रशासन के भारी दबाव के बीच मकान खाली कर जाने लगे भीखमपुर के लोग, दिया गया था अल्टीमेटम

ताजा समाचार