बरेली: नगर निगम आज से बरातघरों को जारी करेगा नोटिस, रजिस्ट्रेशन न कराने पर डाला जाएगा जुर्माना

बरेली, अमृत विचार। मंडलायुक्त की सख्ती के बाद नगर निगम ने शहर में बगैर रजिस्ट्रेशन कराए चल रहे बरातघरों पर शिकंजा कसने की तैयारी शुरू कर दी है। बुधवार से इन बरातघरों को नोटिस जारी करने शुरू कर दिए जाएंगे। इसके बाद भी तय समय में रजिस्ट्रेशन न कराने पर उन पर जुर्माना डाला जाएगा। मंगलवार को नोटिस तैयार कर लिए गए।
शहर में आधे से ज्यादा बरातघर नगर निगम में बगैर रजिस्ट्रेशन कराए चल रहे हैं और लाइसेंस फीस की भी अदायगी नहीं कर रहे हैं। शहर भर की सड़कों के फुटपाथ पर इन बरातघरों के कब्जे होने की बात जानकारी में आने के बाद पिछले दिनों मंडलायुक्त सौम्या अग्रवाल ने उन पर सख्ती के निर्देश दिए थे। इसके बाद नगर निगम ने उन पर कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है।
नगर निगम के अधिकारियों के मुताबिक उनके रिकार्ड में करीब 90 बरातघरों का ही रजिस्ट्रेशन है जबकि शहर में दो सौ से ज्यादा बरातघर चल रहे हैं। नगर निगम में बकाया और लाइसेंस का प्रभार देख रहे ललतेश सक्सेना ने बताया कि शहर में बगैर पंजीकरण चल रहे करीब 80 बरातघरों को अब तक चिह्नित किया गया है। बुधवार से इन्हें नोटिस जारी किए जाएंगे।
इसके बाद भी रजिस्ट्रेशन न कराने पर उन्हें जुर्माने के साथ कानूनी कार्रवाई भी झेलनी पड़ेगी। बता दें कि शहर में पीलीभीत रोड, बदायूं रोड, मिनी बाईपास, चौपुला रोड और नैनीताल रोड पर बरातघरों की भरमार है। इसके अलावा गली-मोहल्लों में भी बरातघर चल रहे हैं।
राजनेताओं के बरातघर भी जद में
पीलीभीत रोड और मिनी बाईपास पर कई बरातघर राजनेताओं के हैं। इन्हें भी नोटिस जारी किए जाएंगे। ललतेश सक्सेना ने बताया कि सभी बरातघरों पर एक ही नियम लागू होगा। रजिस्ट्रेशन फीस कोई ज्यादा नहीं है। अगर बरातघर चलाना है तो उसे चलाने वालों को हर हालत में रजिस्ट्रेशन कराना होगा।
ये भी पढे़ं- बिजली विभाग: कार्रवाई का डर... अफसरों ने 800 करोड़ के लंबित काम कराए शुरू