रामपुर: महिला से गैंगरेप कर वीडियो किया था वायरल...अब 9 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
स्वार, अमृत विचार। दबंगों ने तमंचे के बल पर महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म कर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर दिया था। अब इस मामले में पुलिस ने छह लोगों को नामजद कर तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
मसवासी पुलिस चौकी के एक गांव का निवासी जाबिर महिला को एक वर्ष पूर्व खेत में मजदूरी कराने के बहाने से जंगल ले गया था। जब महिला ने खेत में अन्य मजदूरों को नहीं देखा तो वह घर वापस जाने लगी। जिस पर जाबिर ने अन्य मजदूरों के आने की बात कह कर महिला को रोक लिया। इसके बावजूद कोई मजदूर नहीं आया। इसके बाद आरोपी तमंचे के बल पर महिला को गन्ने के खेत में ले गया। अपने अन्य साथियों के साथ महिला को डरा धमका कर बारी-बारी से दुष्कर्म किया। महिला चिल्लाती रही लेकिन दरिंदे नहीं माने। आरोपियों ने वीडियो बना ली। शिकायत करने पर सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। लोकलाज के डर से महिला ने चुप्पी साध ली।
15 मार्च 2025 को आरोपियों ने वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने के साथ इस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। जिससे महिला के परिजनों में हड़कंप मच गया। महिला ने शिकायत संपूर्ण समाधान दिवस में की लेकिन, कोई कार्रवाई नहीं हुई। बुधवार को महिला ने पुलिस को जाबिर, प्रतीक, पवित्र कुमार, दीपक, चन्द्रभान, अनमोल को नामजद कर तीन अज्ञात आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
ये भी पढ़ें - रामपुर पहुंचे झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार का भाजपा नेताओं ने किया स्वागत
