रामपुर: शादी वाले घर में युवतियों से छेड़खानी, जमकर हुई हाथापाई

रामपुर: शादी वाले घर में युवतियों से छेड़खानी, जमकर हुई हाथापाई

रामपुर, अमृत विचार। शादी वाले घर में युवतियों के साथ पड़ोसी युवाओं ने छेड़खानी की। इस दौरान जमकर मारपीट हुई। जिसमें महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस को दी तहरीर में महिलाओं ने जेवर आदि लूटपाट का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

घटना अजीमनगर थाना क्षेत्र के एक गांव की है। गांव निवासी एक ग्रामीण के घर में शादी कार्यक्रम था। स्वार क्षेत्र के एक गांव से भात आया था। दोपहर बाद मेहमान भात लेकर गांव पहुंच गए। मेहमानों के स्वागत के दौरान आस पड़ोस के युवाओं ने युवतियों से छेड़खानी शुरू कर दी। इस दौरान कुछ युवाओं ने अश्लील वीडियो भी बनाना चाहा। युवतियों के विरोध करने पर युवाओं से मारपीट शुरू हो गई।

गांव की महिलाएं एवं मेहमान महिलाओं के बीच जमकर मारपीट हुई। मारपीट में मेहमान महिलाओं के नगदी जेवर आदि भी गायब हो गए। करीब 15 मिनट तक हुई मारपीट के दौरान भात में आई महिला समेत दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को जिला अस्पताल भर्ती कराया गया।

हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने महिला को मेरठ के लिए रेफर कर दिया। उधर, शादी वाले घर में मारपीट की सूचना मिलते ही पुलिस गांव पहुंच गई। भात में आई महिलाओं ने गांव के करीब एक दर्जन युवाओं पर छेड़खानी एवं लूटपाट का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

ये भी पढ़ें:- बिजनौर : आम के पेड़ पर लटका मिला सिपाही का शव, मचा हड़कंप