धन्वंतरि जयंती आज, बेहतर स्वास्थ्य के लिए कर सकते हैं यह काम

लखनऊ अमृत विचार। आज धन्वंतरि जयंती मनाई जा रही है। आज के दिन को धनतेरस भी कहा जाता है। मौजूदा समय में आज के दिन लोग बाजारों में जाकर खरीदारी करते हैं। बर्तन तथा आभूषणों की खरीदारी प्रमुख तौर पर होती है। ऐसा माना जाता है कि आज के दिन इस तरह की खरीदारी करने से शुभ फल प्राप्त होते हैं, लेकिन विशेषज्ञ ऐसा नहीं मानते।
राजधानी स्थित राजकीय आयुर्वेद मेडिकल कॉलेज के बाल रोग विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ महेश नारायण गुप्ता बताते हैं कि आज भगवान धन्वंतरि का अवतरण दिवस है। आज के दिन सुबह उठकर स्नान कर भगवान धन्वंतरि की पूजा करनी चाहिए भगवान धन्वंतरि की पूजा करते समय इस बात का विशेष ध्यान रखना चाहिए कि हम अपने अच्छे स्वास्थ्य की कामना करें। अच्छे स्वास्थ्य की कामना करने से बेहतर स्वास्थ्य प्राप्त होगा।
उन्होंने धनतेरस को लेकर कहा कि यह दो शब्दों से मिलकर बना है। धन यानी धन्वंतरी भगवान के नाम से लिया गया है जबकि तेरस शब्द त्रयोदशी शब्द से लिया गया है। भगवान धन्वंतरि का जन्म त्रयोदशी तिथि पर हुआ था। ऐसे में त्रयोदशी शब्द से तेरस शब्द लिया गया जिससे आज के दिन को धनतेरस कहा जाता है।
उन्होंने कहा कि व्यक्ति का स्वास्थ्य ही सबसे बड़ा धन है इसलिए आज अपने बेहतर स्वास्थ्य की कामना के साथ भगवान धन्वंतरि की पूजा की जाती है जिससे लाभ मिलता है। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि आज के दिन जो खरीदारी करने की परंपरा है वह केवल एक परंपरा बन गई है। इसलिए ऐसा किया जाता है, बर्तन खरीदने से आखिर क्या लाभ। चरक संहिता में आचार्य चरक ने कहा है कि सब कुछ छोड़कर इस शरीर की रक्षा करनी चाहिए क्योंकि संसार के सारे सुख इस शरीर द्वारा ही भोगे जाने हैं। इसलिए स्वस्थ शरीर और स्वस्थ मस्तिष्क सुखी जीवन के लिए बहुत ही आवश्यक है। स्वास्थ्य गया तो सब गया, सबसे बड़ा धन हमारा स्वास्थ्य है।
ये भी पढ़ें -Dhanteras 2023 : लखनऊ में कई जगह किया गया रूट डायवर्जन, शॉपिंग जाने से पहले पढ़ें ये खबर