Chandrayaan-3: लखनऊ के बेटी ने विश्व में बढ़ाया देश का मान, जानिए कौन हैं डॉ. रितु कारीधाल

मिशन चंद्रयान -3 की कमान संभालने वाली डॉ. रितु कारिधाल की शिक्षिका प्रो. पूनम टंडन ने साझा की जानकारी

Chandrayaan-3: लखनऊ के बेटी ने विश्व में बढ़ाया देश का मान, जानिए कौन हैं  डॉ. रितु कारीधाल

लखनऊ, अमृत विचार। लखनऊ की बेटी डॉ. रितु कारीधाल मिशन चंद्रयान -3 की कमान संभाल रही हैं। वह मिशन डायरेक्टर हैं। चंद्रयान की लैंडिंग के दौरान सबसे मुश्किल वक्त में रितु के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी रही। बुधवार शाम 6 बजकर 4 मिनट पर चंद्रमा के साउथ पोल पर चंद्रयान-3 के लैंड करते ही भारत चांद के साउथ पोल पर उतरने वाला पहला देश बन गया। राजाजीपुरम की रहने वाली डॉ. रितु ने पूरे विश्व में भारत का नाम रोशन कर दिया।

इस बारे में डॉ. रितु की शिक्षक रही लखनऊ विश्वविद्यालय की प्रोफेसर पूनम टंडन ने बताया कि रितु की शुरुआती शिक्षा नवयुग कन्या इंटर कॉलेज में हुई। बीएससी और एमएससी की पढ़ाई उन्होंने लखनऊ विश्वविद्यालय से की।इसके बाद उन्होंने प्रोफेसर डॉ. मनीषा गुप्ता के अंडर में पीएचडी में दाखिला लिया।

उनका चयन गेट में हो गया, फिर वो आईआईएससी बेंगलुरु चली गईं। आगे चल कर उनका चयन इसरो में हो गया। प्रो. पूनम टंडन ने बताया डॉ. रितु बेहद साधारण परिवार की बेटी हैं । उसने जिस तरह से यह मुकाम हासिल किया है उसकी प्रंशसा जितनी की जाये वह कम है। प्रो. पूनम ने बताया कि साल 2019 में लखनऊ विश्वविद्यालय ने उन्हें डी-लिट की मानद उपाधि प्रदान की थी।

बचपन से थी चांद-सितारों में दिलचस्पी

डॉ. रितु कारिधाल का जन्म 1975 में लखनऊ के साधारण परिवार में हुआ था। बचपन से उन्हें चांद-सितारों में दिलचस्पी थी। अखबारों में छपने वाले इसरो और नासा से संबंधित लेख, जानकारी और तस्वीरें इकट्ठा करना उनका शौक था। उनका यही शौक उन्हें 1997 में इसरो तक लेकर गया।

यह भी पढ़ें:-लखनऊ: Chandrayaan-3 की सफल लैंडिंग पर CM Yogi ने दी बधाई, कहा- ISRO वैज्ञानिकों ने रचा इतिहास

ताजा समाचार