हल्द्वानी: दिल्ली मार्ग पर यात्रियों की संख्या में गिरावट से बसों की संख्या घटाई

हल्द्वानी, अमृत विचार। परिवहन निगम, नैनीताल मंडल के विभिन्न डिपो की बसें कांवड़ के कारण मार्ग परिवर्तित होने से दिल्ली मार्ग पर रामपुर-मुरादाबाद-गजरौला-गढ़-हापुड़ से न जाकर रामपुर-शाहबाद-अनूपशहर-बुलंदशहर होकर और मुरादाबाद-संभल-चन्दौसी-अनूपशहर-बुलंदशहर होकर दिल्ली पहुंच रही हैं जबकि कई बसें काशीपुर-धामपुर-बिजनौर-मेरठ के मार्ग से दिल्ली जा रही हैं।
इस कारण लगभग 3-5 घंटे का अतिरिक्त समय लग रहा है साथ ही अतिरिक्त किलोमीटर के चलते यात्रियों की जेब पर अधिक किराए का बोझ भी पड़ रहा है। दूसरी तरफ दिल्ली जाने वाले यात्रियो की संख्या में भारी गिरावट के कारण बसों की संख्या भी घटाई गई है। यात्रियों की संख्या घटने का प्रमुख कारण कांवड़ माना जा रहा है जिससे निगम की आय में भी काफी गिरावट देखने को मिल रही है।
दिल्ली मार्ग में यात्रियों की संख्या में कम होने से कई निर्धारित समय पर जाने वाली बसें निरस्त करनी पड़ी जिसमे वाल्वो बसें भी शामिल हैं। हल्द्वानी डिपो के स्टेशन संचालन इंचार्ज एसएन मिश्रा ने बताया कि दिल्ली मार्ग पर रविवार को 14 बसें भेजी जिसमें 9 बसें निगम की और 5 सीएनजी बसें भेजी। उन्होंने बताया कि आमतौर पर दिल्ली जाने वाले यात्रियों की संख्या अधिक होने पर 22 से अधिक बसों को भेजा जाता है। लेकिन वर्तमान में यात्रियों की संख्या में लगातार गिरावट हो रही है।