संतकबीरनगर: अकीदत के साथ पढ़ी गई ईद-उल-अजहा की नमाज, मुल्क में अमन-चैन की मांगी गई दुआ

संतकबीरनगर: अकीदत के साथ पढ़ी गई ईद-उल-अजहा की नमाज, मुल्क में अमन-चैन की मांगी गई दुआ

संतकबीरनगर। संतकबीरनगर जिले में बृहस्पतिवार को इस्लाम धर्म को मानने वालों ने पूरे अकीदत एवं एहतराम के साथ ईद-उल-अजहा की नमाज अदा की। इस दौरान मुल्क में अमन-चैन की दुआ मांगी गई तथा गंगा जमुनी तहजीब की सलामती के लिए भी दुआएं की गई। जिला मुख्यालय समेत सभी मुस्लिम बाहुल्य क्षेत्रों में ईद उल अजहा का पर्व शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न हुआ।

प्रशासन ने त्यौहार को शांतिपूर्ण और सकुशल सम्पन्न कराने के लिए सुरक्षा का ब्यापक इंतजाम किया था। जिलाधिकारी संदीप कुमार, पुलिस अधीक्षक सत्यजीत गुप्ता, समेत प्रशासनिक अमले ने भारी पुलिस बल, अर्ध सैनिक बलों और पीएसी के जवानों के साथ पूरे दिन भ्रमणशील रहकर त्यौहार को कुशलतापूर्वक सम्पन्न कराया। इस दौरान भाजपा सांसद इं प्रवीण निषाद, सदर विधायक अंकुर राज तिवारी, मेंहदावल विधायक अनिल त्रिपाठी आदि नेताओं ने मुस्लिम समुदाय के लोगों को बकरीद त्यौहार की शुभकामनाएं दिया। 

Sant Kabir Nagar

इसी कड़ी में पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे, सपा जिलाध्यक्ष अब्दुल कलाम, वरिष्ठ नेता संतोष यादव सनी, सपा नेता के डी यादव, नित्यानंद यादव, नगरपालिका खलीलाबाद के चेयरमैन चेयरमैन जगत जायसवाल ने सभी को गले लगाकर ईद उल अजहा की मुबारकबाद दी तथा आपसी-भाईचारे से ईद-उल-अजहा मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह त्याग और बलिदान का पर्व है।

 पूर्व विधायक दिग्विजय नारायण उर्फ जय चौबे और चेयरमैन जगत जायसवाल ने कहा कि यह त्योहार सभी को मिलजुल कर रहने व सामाजिक सद्भावना बनाए रखने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि ईद-उल-अजहा का यह त्यौहार हमें नेक नीयत के साथ समाज के गरीब एवं जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए सदैव तत्पर रहने की प्रेरणा देता है। 

कुर्बानी का यह दिन त्याग और बलिदान की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने  कहा कि ईद-उल-अज़हा का त्योहार सभी को मिल-जुल कर रहने तथा सामाजिक सद्भाव बनाए रखने की प्रेरणा प्रदान करता है। उन्होंने लोगों से इस त्योहार को शांति और आपसी सद्भाव के साथ मनाने की अपील की है।

यह भी पढ़ें : ईद उल अजहा : लखनऊ की मस्जिदों में अदा की गई नमाज, अमन और शांति की दुआ में उठे हजारों हाथ