बरेली: रागी जत्थों ने शबद गायन से संगत को किया निहाल
संजय नगर गुरुद्वारे में अखंड पाठ साहिब से पाठ से हुई शुरूआत, गुरु तेग बहादुर के प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा दुख निवारण में सजा मुख्य दीवान

बरेली, अमृत विचार : गुरु तेग बहादुर के प्रकाश पर्व पर मंगलवार को संजयनगर स्थित गुरुद्वारा दुख निवारण में मुख्य दीवान सजाया गया। रागी जत्थों ने शबद गायन कर संगत को निहाल कर दिया। सुबह से ही संगत ने गुरु घर में जुड़ना शुरू कर दिया। पहले गुरुद्वारा जनकपुरी एवं गुरु गोविंद सिंह नगर की संगत द्वारा लाई गई प्रभात फेरियों का स्वागत किया गया।
ये भी पढ़ें - बरेली: विदेश भेजने के नाम पर शाहजहांपुर के युवक से ठगी, कंपनी लोगों को विदेश भेजने का करती है काम
आसा की वार का कीर्तन हजूरी रागी भाई अमरजीत सिंह ने किया। सिख मिशनरी कॉलेज के विद्यार्थियों ने गुरु तेग बहादुर साहिब की वाणी का कीर्तन किया। बरेली अखंड कीर्तनी जत्था ने गुरुवाणी कीर्तन कर संगत को निहाल किया। समर्थदीप कौर ने शबद रत्ते इश्क खुदाय रंग दीदार का गायन किया।
गुरुद्वारा श्री गुरु तेग बहादुर साहिब के हजूरी रागी भाई प्रेम सिंह ने शबद धन्न धन्न सो जननी जिनि गुरु जणिआ माय का गायन किया। पंथ प्रसिद्ध प्रचारक ज्ञानी बलविंदर सिंह ने गुरु इतिहास की जानकारी दी। श्री अमृतसर साहिब से कीर्तनी सरबजीत ''रमदास'' ने गुरुवाणी कीर्तन किया। गुरुद्वारा साहिब को फूलों से सुसज्जित किया गया। गुरुद्वारा साहिब के हेड ग्रंथी ज्ञानी गुरुदेव सिंह ने अरदास व हुक्मनामा की सेवा निभाई। गुरु का लंगर संगत ने ग्रहण किया।
पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं सांसद संतोष गंगवार, आईएमए अध्यक्ष डा. विनोद पागरानी, अनिल कुमार एडवोकेट, गुलशन आनंद ने माथा टेका और संगत को गुरुपर्व की बधाई दी। अध्यक्ष कुलदीप सिंह पन्नू ने गुरु घर को बख्शीश शाल प्रदान की। एमपी सिंह, अमरजीत सिंह, परमजीत सिंह, उपकार सिंह का विशेष सहयोग रहा।
संचालन मालिक सिंह कालरा ने किया। महासचिव अमरजीत सिंह ने आभार जताया। कुलदीप सिंह पन्नू ने बताया कि बुधवार और गुरुवार को वैसाखी के उपलक्ष्य में गुरुद्वारा गुरु गोबिंद सिंह नगर में रात्रि के कीर्तन दीवान सजेंगे।
ये भी पढ़ें - बरेली: तीन तलाक देकर महिला को दुधमुंही बच्ची के साथ घर से निकाला