बरेली : लेनदेन के विवाद में सैलानी मार्केट में देर रात तड़तड़ाई गोलियां, एक युवक गंभीर रूप से घायल
9.jpg)
बरेली, अमृत विचार। बारादरी क्षेत्र के सैलानी मार्केट में देर रात दो पक्षों में रुपयों के लेन-देन में विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि एक पक्ष ने साथियों के साथ मिलकर गोलियां चलाना शुरू कर दिया। इस दौरान एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल में भर्ती कराया। शिकायत पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
बारादरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र के बजरिया निवासी मो. बिलाल व फरहान खान का गुलाम नबी और सैद हुसैन से रुपयों की लेन-देन में रात करीब 12 बजे मेहंदी वाली गली में विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर आस-पास मौजूद मार्केट के लोगों ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर किसी तरह से शांत कराया। उसके बाद मो. बिलाल अपने दोस्त फरहान खान के दुकान पर चला आया। आधे घंटे के बाद गुलाम नबी और सैद हुसैन बजरिया निवासी अपने दोस्त समीर सैफी, अदीब वारसी और साहिब सैफी के साथ उसके दुकान में आ धमके। दुकान पर पहुंचते ही दोनों पक्षों में गाली-गलौज शुरू हो गया।
विवाद बढ़ते ही गुलाम नबी और सैद हुसैन ने 312 बोर की तमंचे से फायर झोंक दिया। पांच राउंड की फायरिंग में बिलाल के बायें हाथ में छर्रे लगे हैं। गनीमत रही कि गोली बारी के दौरान अन्य को नहीं लगी। गोली चलने की आवाज पर वारदात स्थल पर आस-पास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पूरे घटनाक्रम के बारे में जानकारी करते हुए घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस देर रात तक घायल के परिजनों से जानकारी लिया। वहीं, पुलिस तहरीर पर जांच-पड़ताल कर आरोपियों की तलाश कर रही है। खबर लिखे जाने तक पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने में जुटी रही।
ये भी पढ़ें : बरेलीः वित्तमंत्री जी..! तो मेयर का टिकट पंजाबी समाज को दिलाएं, महानगर अध्यक्ष ने सुरेश खन्ना और बलदेव सिंह औलख से रखी मांग