अयोध्या: ट्रस्ट अध्यक्ष के स्वास्थ्य लाभ के लिए यज्ञ हवन शुरू

अयोध्या: ट्रस्ट अध्यक्ष के स्वास्थ्य लाभ के लिए यज्ञ हवन शुरू

अयोध्या, अमृत विचार। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के अध्यक्ष मणिराम दास छावनी के महंत नृत्य गोपाल दास के कोरोना पॉजिटिव होने तथा हालत बिगड़ने की खबर पर राम नगरी में हलचल मच गई। ट्रस्ट अध्यक्ष के स्वास्थ्य लाभ के लिए राम नगरी में पूजन अर्चन और यज्ञ हवन का दौर शुरू हो गया है। …

अयोध्या, अमृत विचार। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के अध्यक्ष मणिराम दास छावनी के महंत नृत्य गोपाल दास के कोरोना पॉजिटिव होने तथा हालत बिगड़ने की खबर पर राम नगरी में हलचल मच गई। ट्रस्ट अध्यक्ष के स्वास्थ्य लाभ के लिए राम नगरी में पूजन अर्चन और यज्ञ हवन का दौर शुरू हो गया है। मणिराम दास स्वामी के उत्तराधिकारी महंत कमल नयन दास अपने गुरु और ट्रस्ट अध्यक्ष का हाल-चाल जानने अयोध्या से मेदांता गुरुग्राम के लिए रवाना हो गए हैं।

राम नगरी के राम घाट क्षेत्र स्थित मणिराम छावनी के महंत नृत्य गोपाल दास श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष भी है। वह इसके साथ श्री कृष्ण जन्म भूमि न्यास के अध्यक्ष भी है। उनका भगवान कृष्ण की नगरी मथुरा में विशालकाय मंदिर है और कृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम को लेकर वह 2 दिन पूर्व राम नगरी अयोध्या से मथुरा के लिए रवाना हुए थे। अन्य वर्षों की भांति मथुरा में उन्होंने कृष्ण जन्मोत्सव का कार्यक्रम संपन्न कराया और भक्तों को आशीर्वाद दिया।

आज कृष्ण नवमी के तहत पूर्वान्ह 11ः00 बजे नंद उत्सव कार्यक्रम का आयोजन होना था हालांकि इसके पूर्व ही ट्रस्ट अध्यक्ष की हालत बिगड़ गई। सांस लेने में तकलीफ की शिकायत के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर मथुरा जिला प्रशासन ने उनको उपचार के लिए गुरुग्राम के चर्चित मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया है।

बताया जाता है कि उनकी दो जांच रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आईं हैं। गुरुवार को मामले की खबर राम नगरी अयोध्या पहुंची तो संत धर्म आचार्यों में हलचल मच गई। ट्रस्ट अध्यक्ष के मणिराम दास छावनी में शीघ्र स्वास्थ्य लाभ के लिए पूजन अर्चन शुरू हो गया।

रामादल ट्रस्ट की ओर से पूर्व से ही चल रहे 151 दिवसीय प्रणवाक्षरी महामृत्युंजय महायज्ञ में श्री दास जी के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना के लिए तीन दिवसीय अमोघ मृत संजीवनी महामृत्युंजय महामन्त्र से विशेष यज्ञाहुति का कर्म शुरू कर दिया गया। संयोजक पण्डित कल्कि राम ने बताया कि खस मिश्रित सरयू जल से टेढ़ी यतीश्वरनाथ महादेव का रोगनाशक-आयुवर्धक रुद्राभिषेक किया जा रहा है। ट्रस्ट अध्यक्ष का हाल-चाल जानने के लिए उनके उत्तराधिकारी महंत कमल नयन दास शास्त्री अन्य लोगों के साथ दूसरी पहर गुरुग्राम के लिए रवाना हो गए।