अयोध्या: शहरी क्षेत्र में अनियोजित विकास की निगरानी करेगा नगर निगम

बिना मानचित्र स्वीकृत निर्माण मिलने पर एडीए को सूचित करेगा निगम

अयोध्या: शहरी क्षेत्र में अनियोजित विकास की निगरानी करेगा नगर निगम

अयोध्या, अमृत विचार। अयोध्या महानगर में अनियोजित विकास पर अब लगाम कसेगी। हालांकि अनियमित विकास को रोकना अयोध्या विकास प्राधिकरण का कार्य है। लेकिन अब नगर निगम के अधिकारी भी शहरी क्षेत्र में अनियोजित और अनियमित विकास तथा अवैध कालोनियों के निर्माण पर नजरे रखेंगे। अनियमित विकास कार्यों की निगरानी के लिए निगम के अधिकारी फील्ड में रहकर सूचनाएं एकत्र करेंगे। इसकी सूचना अयोध्या विकास प्राधिकरण को दी जाएगी। 

विगत दिनों मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या के विकास कार्यों के मास्टर प्लान की समीक्षा के दौरान अयोध्या में अनियमित व अनियोजित विकास कार्यों पर रोक लगाने के निर्देश दिये थे। इसी के तहत नगर निगम के मुख्य अभियंता निर्माण को शहर में अनियमित व अनियोजित विकास कार्यों पर रोक लगाने के लिए अवैध कालोनियों की निगरानी करने के निर्देश दिये हैं। यह भी निर्देश दिये गये हैं कि अवैध कालोनियों का अनापत्ति प्रमाण पत्र जारी न किया जाए। 

अपर नगर आयुक्त अरुण कुमार गुप्त ने बताया कि अनियोजित और अनियमित विकास कार्यों पर रोक लगाने का कार्य विकास प्राधिकरण का है। लेकिन फिर भी नगर निगम का यह दायित्व बनता है कि वह यह देखे कि कहीं कोई अवैध कालोनी बनाये जाने व अनियमित विकास या बिना नक्शे के मकान का निर्माण तो नहीं हो रहा है। यदि ऐसा कोई मामला प्रकाश में आता है तो नगर निगम द्वारा विकास प्राधिकरण को सूचित किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम में निर्माण विभाग के जेई, एई, राजस्व विभाग के इंस्पेक्टर व अन्य कर्मचारियों की टीम कार्य कर रही है।

ये भी पढ़ें - अयोध्या: नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने ली पद की शपथ