अयोध्या : विवेकानंद के विचारों को आत्मसात करने का संदेश दे रही यात्रा

नगर भ्रमण के बाद कारसेवकपुरम् पहुंची संदेश यात्रा, लोगों ने किया योगाभ्यास  

अयोध्या : विवेकानंद के विचारों को आत्मसात करने का संदेश दे रही यात्रा

अयोध्या। स्वामी विवेकानंद का मनुष्य निर्माण से राष्ट्र निर्माण का संदेश लेकर लोगों को जागरूक करने निकली स्वामी विवेकानंद संदेश यात्रा शनिवार सुबह अयोध्या स्थित कारसेवकपुरम् पहुंची। यात्रा में शामिल लोगों ने योग अभ्यास किया। वहीं युवाओं को स्वस्थ रहने के साथ ही प्रेम व सौहार्द का संदेश दिया। इसके बाद यात्रा गोरखपुर के लिए रवाना हो गई।

यात्रा के सह प्रमुख प्रमिल द्विवेदी ने बताया कि लखनऊ के विवेकानंद रामकृष्ण मठ से शुरू हुई संदेश यात्रा बाराबंकी होते हुए शुक्रवार की शाम ही अयोध्या पहुंची। यात्रा ने नगर के प्रमुख क्षेत्रों नाका, हनुमानगढ़ी, मकबरा, फतेजगंज होते हुए देवकाली स्थित साकेत निलयम में रात्रि विश्राम हुआ। शनिवार सुबह यात्रा कारसेवकपुरम् पहुंची। जिसके बाद यात्रा गोरखपुर होते हुए 7 मंडल 21 जिलों में जाएगी। यात्रा में दुर्गेश मिश्रा, प्रमोद सक्सेना, यतींद्र सिंह, सत्यपकाश, दिव्यांशु, अनुकूल, रुराक्ष, आनंद कश्यप, प्रतीक शर्मा, भानुदास शिवपूजन सिंह सहित कई शामिल रहे।

गोष्ठी में वक्ताओं ने दिया व्याख्यान

डॉ.राम मनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय के संत कबीर सभागार में आधुनिक भारत और स्वामी विवेकानंद विषय पर आयोजित विचार गोष्ठी में वक्ताओं ने व्याख्यान दिया। संयोजक भानु प्रताप सिंह ने कहा कि विवेकानंद केंद्र के 50 वर्ष पूरा होने पर उत्तर प्रदेश में विवेकानंद संदेश यात्रा निकाली जा रही है। उन्होंने कहा कि स्वामी विवेकानंद के संदेशों और संकल्पों को आत्मसात करके ही इस सनातन- संस्कृति के क्षरण रोका जा सकता है।