खटीमा: उत्तरायणी कौतिक खटीमा 2023 की तैयारियां जारी, 11 जनवरी से मचेगी धूम

खटीमा, अमृत विचार। सीमांत क्षेत्र का प्रमुख उत्तरायणी कौतिक खटीमा 2023 की तैयारियां तेज हो गई हैं। उत्तराखंड की लोक संस्कृति की 11 जनवरी से 16 जनवरी तक तराई बीज निगम मैदान, निकट श्री सिद्धेश्वर शिव मंदिर कंजाबाग में धूम मचेगी। इससे पहले एक जनवरी को रंगोली, ऐपण, मेहंदी, केश सज्जा, शंख बजाओ, नींबू सानो, शगुन आंखर प्रतियोगिता होगी।
मेला प्रभारी एडवोकेट केडी भट्ट व कुमाऊं सांस्कृतिक उत्थान मंच के अध्यक्ष कैप्टन ठाकुर सिंह खाती ने बताया कि एक जनवरी को श्री सिद्धेश्वर शिव मंदिर कंजाबाग में रंगोली, मेंहदी आदि प्रतियोगिताएं होंगी। जिसमें बतौर मुख्य अतिथि एसडीएम रविंद्र सिंह बिष्ट की पत्नी मीनाक्षी बिष्ट व विशिष्ट अतिथि ईस्टर इंडस्ट्रीज लिमिटेड के कारखाना प्रबंधक अजय मेहता की पत्नी बबीता मेहता रहेंगी।
बताया कि उत्तरायणी कौतिक खटीमा 2023 को लेकर तैयारियां तेज हैं। इस बार भी देवभूमि उत्तराखंड की लोक संस्कृति की धूम मचेगी। मेला प्रभारी एडवोकेट भट्ट ने बताया कि कौतिक में उत्तराखंड की संस्कृति के रंग में रंगने के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।