निकाय चुनाव : वार्डों के आरक्षण की सूची कल हो सकती है जारी

जुगाड़ बैठाने में लगे पार्षद और पूर्व पार्षद, आरक्षण के बाद चुनाव लड़ने के लिए पेश करेंगे दावेदारी

निकाय चुनाव : वार्डों के आरक्षण की सूची कल हो सकती है जारी

अमृत विचार, लखनऊ। नगर निकाय चुनाव को लेकर लखनऊ में वार्डों के आरक्षण की सूची सोमवार को जारी हो सकती है। वार्डों के परिसीमन के बाद लगभग एक महीना पहले जिला प्रशासन ने सूची शासन को भेज दी थी। पार्षदों एवं भावी प्रत्याशियों के साथ राजनीतिक दलों को वार्डों के आरक्षण की सूची का बेसब्री से इंतजार है।

सूत्रों के अनुसार निदेशक स्थानीय निकाय कार्यालय से सूची सोमवार को जारी की जा सकती है। इस बार कई वार्डों में आरक्षण बदल सकता है। इसलिए अपने वार्ड में मनमाफिक आरक्षण को लेकर कई पार्षद और पूर्व पार्षद शासन में जुगाड़ बैठाने में लगे हैं। आरक्षण सूची जारी होने के बाद ही तस्वीर साफ होगी और प्रत्याशी चुनाव लड़ने के लिए टिकट की दावेदारी पेश करने के साथ ही क्षेत्र तय करेंगे।

लखनऊ नगर निगम में 110 वार्ड हैं। परिसीमन के बाद वार्डों में लगभग 5.9 लाख से ज्यादा मतदाता बढ़ गए हैं। इस बार वार्डों में आरक्षण का दायरा भी बदलेगा। कई वार्ड सामान्य वर्ग के पुरुष एवं महिला प्रत्याशियों के लिए आरक्षित होंगे तो कई जगह अनुसूचित जाति एवं पिछड़ा वर्ग के लिए। चुनाव लड़ने के लिए ताल ठोक रहे लोग फिलहाल आरक्षण सूची जारी होने का इंतजार कर रहे हैं। पार्षदों को डर है कि आरक्षण में बदलाव उनके इरादे पर पानी न फेर दे, इसलिए चुनाव लड़ने के लिए नई जगह तलाश रहे हैं।

पूर्व प्रधान भी पार्षदी में आजमाएंगे हाथ

वार्डों के आरक्षण की सूची जारी होते ही प्रत्याशियों की दावेदारी भी बढ़ेगी। वार्डों में पार्षद पद प्रत्याशी की होर्डिंग-बैनर जगह-जगह लगी दिखाई दे जाएंगी।

इस बार नगर निगम सीमा में शामिल हुए 88 गांवों के पूर्व प्रधान भी आरक्षण सूची का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। प्रधानी खत्म होने के बाद ग्राम प्रधान भी पार्षदी के लिए हाथ आजमाएंगे। इसको लेकर क्षेत्र में लगातार जनता से संपर्क किया जा रहा है।