बहराइच: नाव से बाढ़ पीड़ितों का हाल जानने पहुंचे डीएम, बांटी राहत सामग्री

बहराइच, अमृत विचार। जिलाधिकारी बुधवार को पुलिस के साथ नदी उस पार बसे गांव में बाढ़ का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने एसडीएम को निर्देशित किया कि सभी पीड़ितों को सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए। इससे पूर्व डीएम ने गूढ़ गांव में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को राहत सामग्री वितरित की। उन्होंने हरसंभव मदद का आश्वासन …
बहराइच, अमृत विचार। जिलाधिकारी बुधवार को पुलिस के साथ नदी उस पार बसे गांव में बाढ़ का जायजा लेने पहुंचे। उन्होंने एसडीएम को निर्देशित किया कि सभी पीड़ितों को सुविधाएं उपलब्ध कराई जाए। इससे पूर्व डीएम ने गूढ़ गांव में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों के लोगों को राहत सामग्री वितरित की। उन्होंने हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।
कतर्नियाघाट वन्य जीव विहार के बीच जनपद के दूरस्थ राजस्व ग्राम भरथापुर में बाढ़ का पानी भरा हुआ है। वन ग्राम का जायजा लेने जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र व पुलिस अधीक्षक केशव कुमार चौधरी नाव द्वारा गांव पहुंचे। उन्होंने बाढ़ पीड़ितों का कुशल क्षेम जाना तथा बाढ़ पीडितों को राशन किट व आयुष किट का वितरण किया।
मौके पर डीएम व एसपी ने ग्रामवासियों से उनकी रोज़मर्रा की ज़िन्दगी में आने वाली समस्याओं के बारे में जानकारी प्राप्त की। ग्रामवासियों द्वारा ग्राम का विस्थापन कराये जाने की मांग पर डीएम ने आश्वस्त किया कि शासन के निर्देशानुसार शीघ्र ही विस्थापन की कार्यवाही की जायेगी। डीएम ने कटान व बाढ़ के कारण जिन लोगों के मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं अथवा फसलों को नुकसान हुआ है उन्हें अहेतुक सहायता व अनुदान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
इससे पूर्व डीएम व एसपी ने ग्राम गूढ पहुॅच कर ग्राम के पूर्व माध्यमिक विद्यालय में बाढ़ पीडितों का हाल जाना तथा उन्हें राशन किट व आयुष किट का वितरण किया। इस अवसर पर एसडीएम मिहींपुरवा (मोतीपुर) जी.पी. त्रिपाठी, बीडीओ रामेंद्र कुशवाहा व आर.ओ. कतर्नियाघाट के.पी. मिश्रा सहित अन्य सम्बन्धित मौजूद रहे।
ये भी पढ़ें-यूपी पीसीएस 2021 का परिणाम जारी, पहले स्थान पर अतुल और दूसरे पर सौम्या