हल्द्वानी: दरोगा भर्ती – डीन का घर और दफ्तर खंगाला, सात घंटे पूछताछ

हल्द्वानी, अमृत विचार। भाजपा नेता हाकम सिंह और यूकेएसएसएससी पेपर लीक मामले के मास्टर माइंड सादिक मूसा समेत 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज करने के बाद विजिलेंस ने दरोगा भर्ती मामले में बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को विजिलेंस ने पंतनगर विश्व विद्यालय के पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय के डीन नरेंद्र सिंह जादौन …
हल्द्वानी, अमृत विचार। भाजपा नेता हाकम सिंह और यूकेएसएसएससी पेपर लीक मामले के मास्टर माइंड सादिक मूसा समेत 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज करने के बाद विजिलेंस ने दरोगा भर्ती मामले में बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को विजिलेंस ने पंतनगर विश्व विद्यालय के पशु चिकित्सा एवं पशु विज्ञान महाविद्यालय के डीन नरेंद्र सिंह जादौन के घर और दफ्तर में छापेमारी की। इतना ही नहीं विजिलेंस की टीम ने जादौन से करीब सात घंटे तक पूछताछ की।
बता दें कि वर्ष 2015-16 में पंतनगर विश्व विद्यालय में दरोगा भर्ती परीक्षा का आयोजन किया गया था। यूकेएसएसएससी पेपर लीक मामले सामने आने के बाद दरोगा भर्ती का जिन्न भी बाहर निकला और पता लगा कि इस भर्ती में भी वही लोग शामिल हैं, जिन्होंने यूकेएसएसएससी का पर्चा लीक किया यानि हाकम और मूसा का गठजोड़।
अब दरोगा भर्ती मामले की तह तक जाने में जुटी विजिलेंस ने बुधवार को डीन नरेंद्र सिंह जादौन के पंतनगर स्थित घर और दफ्तर में अचानक छापेमारी कर दी। छापेमारी से जादौन भी अंजान था। अचानक हुई छापेमारी से हड़कंप मच गया। विजिलेंस ने एक तरह से सभी को घर और दफ्तर में कैद कर दिया।
जिसके बाद टीम ने घर और दफ्तर को खंगालना शुरू किया। बताया जा रहा है कि टीम को दोनों ही स्थानों से दरोगा भर्ती घोटाले से जुड़े कुछ अहम दस्तावेज हाथ लगे हैं। इसी के साथ टीम ने डीन जादौन से करीब सात घंटे पूछताछ की। बताया यह भी जा रहा है कि डीन से पूछताछ में विजिलेंस को कुछ अहम जानकारियां हाथ लगी है। बता दें कि इस मामले में विजिलेंस ने पंतनगर विवि के डीन के अलावा सेवानिवृत्त सहायक संस्थापना अधिकारी दिनेश चंद्र जोशी के खिलाफ भी केस दर्ज किया है।
विजिलेंस के सवालों से जूझता रहा जादौन
हल्द्वानी। विजिलेंस जब जादौन के पास पहुंची तो उनके पास सवालों की एक लंबी लिस्ट थी। सूत्रों का कहना है कि इस लिस्ट में दरोगा भर्ती से जुड़े सवालों के साथ कुछ और सवाल भी थे। ऐसे सवाल जिनके जरिये जादौन असल सवालों के जवाब देने पर मजबूर हो जाए और सात घंटे चली पूछताछ में जादौन विजिलेंस के सवालों से कभी बचता तो कभी विचलित होता दिखाई दिया।
कुमाऊं से 129 और गढ़वाल से 210 ने दी थी परीक्षा
हल्द्वानी। दरोगा भर्ती घोटाले में विजिलेंस की जांच से तमाम लोगों को सांस हलक में अटकी हुई है। खास तौर पर वो, जिन्होंने गलत तरीके से परीक्षा दी और पैसा देकर दरोगा की वर्दी हासिल कर ली। आपको बता दें कि पंतनगर विवि में हुई दरोगा भर्ती परीक्षा में कुमाऊं से 129 और गढ़वाल से 210 अभ्यर्थी शामिल हुए थे। बताया जा रहा है कि इस जांच के बाद कई दरोगा छुट्टी पर चले गए हैं।
इन एक दर्जन लोगों पर दर्ज किया जा चुका है केस
हल्द्वानी। विजिलेंस ने जिन 12 लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है, उसमें डीन जादौन और सेवा निवृत्त सहायक संस्थापना अधिकारी दिनेश चंद्र जोशी के अलावा नकल गिरोह का सरगना और पेपर लीक प्रकरण का मास्टर माइंड सैय्यद सादिक हुसैन मूसा, पूर्व भाजपा नेता व उत्तरकाशी का जिला पंचायत सदस्य हाकम सिंह, चंदन मनराल, केंद्र पाल, रूपेश जायसवाल, आरएमएस टेक्ना साल्यूशंश कंपनी का मालिक राजेश कुमार चौहान, संजीव कुमार चौहान, राजेश पाल, विपिन बिहारी व नितीश गुप्ता हैं।
आने-जाने पर पाबंदी, फोन भी नहीं करने दिया
हल्द्वानी। अचानक जादौन के घर और दफ्तर पहुंची विजिलेंस ने टीम ने थोड़ी ही देर में सबकुछ अपने हाथ में ले लिया। दफ्तर और घर के दरवाजे अंदर से बंद कर लिए गए और बाहर पहरा बैठा दिया गया। इस दौरान न किसी को दफ्तर और घर में अंदर आने की इजाजत थी और न ही किसी को बाहर जाने की। इतना ही नहीं विजिलेंस की टीम ने अंदर मौजूद सभी के मोबाइल फोन भी जब्त कर लिए थे। किसी को फोन करने की इजाजत नहीं दी गई और जिसे जो चाहिए था वह विजिलेंस ने मंगा कर दिया।
हमारी टीम ने बुधवार को मामले में आरोपी नरेंद्र सिंह जादौन के घर और दफ्तर में छापेमारी की। यहां से हमें कुछ अहम दस्तावेज मिले हैं, जो दरोगा भर्ती की जांच में अहम साबित होंगे। हम इसका अध्यन कर रहे हैं। इसके अलावा जादौन से भी कई घंटे पूछताछ की गई है।
– प्रह्लाद मीणा, एसपी विजिलेंस