मुख्यमंत्री धामी चार सितंबर को करेंगे बागेश्वर रोडवेज डिपो का शुभारंभ, 21 बसें होंगी बेड़े में शामिल

हल्द्वानी, अमृत विचार। रविवार चार सितंबर को बागेश्वर जिले को रोडवेज डिपो की सौगात मिलेगी। डिपो में 21 बसों का बेड़ा शामिल होगा और हर रोज नौ सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को बागेश्वर रोडवेज डिपो का शुभारंभ करेंगे। बागेश्वर में रोडवेज डिपो की मांग बीते लंबे समय से की …

हल्द्वानी, अमृत विचार। रविवार चार सितंबर को बागेश्वर जिले को रोडवेज डिपो की सौगात मिलेगी। डिपो में 21 बसों का बेड़ा शामिल होगा और हर रोज नौ सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को बागेश्वर रोडवेज डिपो का शुभारंभ करेंगे।

बागेश्वर में रोडवेज डिपो की मांग बीते लंबे समय से की जा रही थी। लेकिन कुछ साल पूर्व प्रदेश सरकार ने बागेश्वर के बिलौना में रोडवेज स्टेशन का शुभारंभ किया था। उसके बाद बागेश्वर में रोडवेज डिपो खोलने की मांग तेज हो गई थी। बागेश्वर के विधायक चंदन राम दास के परिवहन मंत्री बनने के उपरांत रोडवेज डिपो खुलने की उम्मीद बनीं थी। रविवार को बागेश्वर में डिपो खुलने का रास्ता साफ हो गया है।

21 बसों में एक भी नई नहीं
बागेश्वर में खुल रहे रोडवेज डिपो में जो 21 बसें शामिल की जा रही हैं उसमें एक भी बस नई नहीं है। सभी पुरानी बसों से ही बागेश्वर डिपो संचालित किया जाएगा। सहायक महाप्रबंधक विजय तिवारी ने बताया कि जो बसें पूर्व में संचालित की जा रही थीं उन्हीं बसों को बागेश्वर डिपो के बेड़े में शामिल किया गया है। उन्होंने बताया कि पुराना स्टाफ ही बागेश्वर भेजा जा रहा है। फिलहाल नई नियुक्ति नहीं की जा रही है।

ये सेवाएं मिलेंगी बागेश्वर से
रविवार से शुरू हो रहे रोडवेज डिपो से नौ सेवाएं यात्रियों को उपलब्ध रहेंगी। जिसमें बागेश्वर-देहरादून वाया ग्वालदम, बागेश्वर- धरमघर- दिल्ली, बागेश्वर-अठपैसिया- दिल्ली, बागेश्वर- कौसानी- दिल्ली, बागेश्वर-बेरीनाग, बागेश्वर- मुनस्यारी, बागेश्वर- कांडा- दिल्ली वाया सेराघाट शामिल हैं।