उत्तराखंड भाजपा में बड़ा फेरबदल, पूर्व विधायक महेंद्र भट्ट को प्रदेश अध्यक्ष की कमान

उत्तराखंड भाजपा में बड़ा फेरबदल, पूर्व विधायक महेंद्र भट्ट को प्रदेश अध्यक्ष की कमान

हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड भाजपा में बड़ा फेरबदल हुआ है। प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने की अटकलों के बीच शनिवार को भाजपा ने प्रदेश अध्यक्ष के रूप में बदरीनाथ के पूर्व विधायक महेंद्र भट्ट को कमान सौंप दी। विधानसभा चुनाव के बाद से ही मदन कौशिक के स्थान पर गढ़वाल के किसी ब्राह्मण नेता को संगठन …

हल्द्वानी, अमृत विचार। उत्तराखंड भाजपा में बड़ा फेरबदल हुआ है। प्रदेश अध्यक्ष बदले जाने की अटकलों के बीच शनिवार को भाजपा ने प्रदेश अध्यक्ष के रूप में बदरीनाथ के पूर्व विधायक महेंद्र भट्ट को कमान सौंप दी। विधानसभा चुनाव के बाद से ही मदन कौशिक के स्थान पर गढ़वाल के किसी ब्राह्मण नेता को संगठन की कमान सौंपे जाने की चर्चाएं चल रही थीं। बुधवार को दिल्ली में  पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा से महेंद्र भट्ट की मुलाकात हुई थी।

उत्तराखंड भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष के रूप में महेंद्र भट्ट की नियुक्ति का पत्र।

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का राजनीतिक सफर

– 1991 से 1996 तक अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद में प्रदेश सह मंत्री, जिला संयोजक, जिला संगठन मंत्री, विभाग संगठन मंत्री का दायित्व संभाला।
-1997 में भाजपा युवामोर्चा का प्रदेश सह मंत्री रहे।
-1998 से 2000 में उत्तरांचल युवा मोर्चा में प्रदेश महामंत्री का दायित्व संभाला।
-2000 से 2002 में उत्तरांचल प्रदेश युवा मोर्चा के प्रथम प्रदेश अध्यक्ष रहे।
-2002 से 2005 तक युवा मोर्चा राष्ट्रीय कार्यसमिति का सदस्य-हिमांचल एवं महाराष्ट्र युवामोर्चा के प्रदेश प्रभारी का दायित्व संभाला।
– 32 साल की उम्र में 2002 से 2007 तक उत्तराखंड की प्रथम निर्वाचन में 39 नंदप्रयाग विधानसभा से सदस्य निर्वाचित हुए और विधानमंडल में मुख्य सचेतक का दायित्व संभाला।
-2007 से 2010 तक प्रदेश भाजपा में विभिन्न दायित्व, प्रदेश मंत्री, गढ़वाल संयोजक व प्रदेश कार्यसमिति के सदस्य रहे।
-2010 से 2012 तक राज्यमंत्री का दायित्व संभाला। लघु सिंचाई अनुश्रवण समिति में उपाध्यक्ष रहे।
– 2012 से 2014 तक दोबारा उत्तराखंड भाजपा के गढ़वाल प्रभारी रहे।
– 2014 से 2017 तक दोबारा भाजपा मं प्रदेश मंत्री रहे।
– 2016 में कांग्रेस सरकार के खिलाफ परिवर्तन यात्रा के गढ़वाल प्रभारी रहे।
-2017 के विधानसभा चुनाव में बदरीनाथ विधानसभा से सदस्य निर्वाचित हुए।
– रामजन्मभूमि आंदोलन में 15 दिन पौड़ी के कांसखेत में जेल में रहे।
– उत्तराखंड राज्य आंदोलन में पांच दिन पौड़ी जेल में रहे।