चंपावत: आखिरकार विजय बहुगुणा का रिकॉर्ड तोड़ने में कामयाब रहे सीएम पुष्कर सिंह धामी

देवेन्द्र चन्द देवा,अमृत विचार, हल्द्वानी। आखिरकार चम्पावत सीट के उपचुनाव में शुक्रवार को भाजपा प्रत्याशी व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस प्रत्याशी निर्मला गहतोड़ी को 55025 मतों से हराकर एक ऐतिहासिक जीत दर्ज की है।साथ ही उन्होंने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के सितारगंज में उपचुनाव में उनके द्वारा जीत के आंकड़े को भी …
देवेन्द्र चन्द देवा,अमृत विचार, हल्द्वानी। आखिरकार चम्पावत सीट के उपचुनाव में शुक्रवार को भाजपा प्रत्याशी व मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कांग्रेस प्रत्याशी निर्मला गहतोड़ी को 55025 मतों से हराकर एक ऐतिहासिक जीत दर्ज की है।साथ ही उन्होंने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री विजय बहुगुणा के सितारगंज में उपचुनाव में उनके द्वारा जीत के आंकड़े को भी पार कर दिया है।
उल्लेखनीय है कि 2002 से हुए विधानसभा के हुए चार उपचुनाव में अभी तक रिकॉर्ड रहा है कि मुख्यमंत्री पद पर खड़े प्रत्याशी की कभी हार नहीं हुई है। वर्ष 2012 में सितारगंज सीट पर हुए उपचुनाव में मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए विजय बहुगुणा ने भाजपा प्रत्याशी प्रकाश पंत को रिकॉर्ड मतों 39960 मतों से हराया था।
उत्तराखंड राज्य गठन के बाद प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान विजय बहुगुणा के अलावा मुख्यमंत्री पद पर रहते हुए उपचुनाव के दौरान पंडित नारायण दत्त तिवारी, भुवन चंद्र खंडूरी और हरीश रावत ने भी भारी मतों से चुनाव में जीत दर्ज की थी,लेकिन सबसे अधिक मतों से सितारगंज सीट पर विजय बहुगुणा ने जीत दर्ज कर रिकॉर्ड अपने नाम किया था। शुक्रवार को चम्पावत उपचुनाव में सीएम पुष्कर सिंह धामी ने पूर्व सीएम विजय बहुगुणा का रिकॉर्ड तोड़ कर इतिहास के पन्ने में नया अध्याय जोड़ दिया है।
पीएम मोदी के उम्मीदों पर खरे उतरे धामी
चम्पावत। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत भाजपा के शीर्ष नेताओं की उम्मीदों पर सीएम पुष्कर सिंह धामी एकदम खरे उतरे। धामी के नेतृत्व में प्रदेश में भाजपा ने पांचवा विधानसभा चुनाव लड़ा। उनके महज 6 माह के सफल कार्यकाल के चलते भाजपा ने प्रदेश में 47 सीट पर अपना कब्जा जमाया लेकिन वह खटीमा सीट से हार गए।प्रदेश में भाजपा को पूर्ण बहुमत होने के बाद भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत भाजपा के शीर्ष नेताओं ने धामी पर ही विश्वास जताया और उन्हें चम्पावत सीट पर उप चुनाव लड़ने का न्योता दिया। इसके लिए कैलाश गहतोड़ी ने अपनी सीट सीएम धामी के लिए खाली कर दी।
जहां भी रहूंगा चम्पावत के दिल में रहूंगा
चम्पावत। ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने लोगों का तहे दिल से धन्यवाद करते हुए कहा कि वह जहां भी रहेंगे चम्पावत के में हमेशा बने रहेंगे। साथ ही कहा कि वह कैलाश गहतोड़ी के त्याग को भी कभी नहीं भूल पाएंगे। उन्होंने कहा कि चम्पावत धार्मिक, पर्यटन के साथ चाय बागान के क्षेत्र में विकसित हो रहा है। उन्होंने लोगों को विश्वास दिलाया कि वह चम्पावत के विकास कार्यों के लिए बेहतर कार्य करेंगे जो उत्तराखंड ही नहीं बल्कि देश के नक्शे में भी अंकित होगा।
पीएम मोदी ने ट्विटर पर धामी को दी बधाई
चम्पावत। चम्पावत उपचुनाव में सीएम पुष्कर सिंह धामी की ऐतिहासिक जीत पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें बधाई दी है। सीएम धामी ने कहा कि ट्विटर के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उन्हें बधाई संदेश दिया है। जिसमें उन्होंने कहा है कि इस ऐतिहासिक जीत के लिए चम्पावत के लोगों का धन्यवाद है। पीएम ने कहा कि इस तरह की जीत नया जोश व उत्साह देती है।