अयोध्या: 50 में 35 गेहूं क्रय केंद्र खुले मिले, अमूमन जगहों पर बोहनी भी नहीं हुई

अयोध्या। गेहूं खरीद के पहले दिन जिले में अधिकतर क्रय केंद्रों पर सन्नाटा ही दिखाई दिया। जिले के कुल 50 क्रय केन्द्रों में से 35 ही शुक्रवार को गेहूं खरीद के लिए खोले गए। अधिकतर क्रय केन्द्रों पर पहले दिन खरीद की बोहनी तक नहीं हुई। खाद्य एवं विपणन विभाग का कहना है कि अभी …
अयोध्या। गेहूं खरीद के पहले दिन जिले में अधिकतर क्रय केंद्रों पर सन्नाटा ही दिखाई दिया। जिले के कुल 50 क्रय केन्द्रों में से 35 ही शुक्रवार को गेहूं खरीद के लिए खोले गए। अधिकतर क्रय केन्द्रों पर पहले दिन खरीद की बोहनी तक नहीं हुई। खाद्य एवं विपणन विभाग का कहना है कि अभी गेहूं कटाई में दस दिन है इसलिए पहले दिन किसानों की आमद काफी कम रही। विभाग की ओर से दावा किया गया है कि क्रय केन्द्रों पर किसानों के लिए सभी व्यवस्थाएं मुकम्मल हैं।
डिप्टी आरएमओ अजीत प्रताप सिंह ने बताया कि कुल 50 क्रय केन्द्रों पर गेहूं खरीद की व्यवस्था की गई है। इसके लिए सभी केन्द्रों पर दो सुपरवाइजर के साथ विभाग की ओर से दो-दो अतिरिक्त कर्मचारियों को लगाया गया है। उन्होंने बताया कि अब तक 1700 किसानों का पंजीकरण हो चुका है। उन्होंने बताया कि गोदामों से खरीदे गए गेहूं के हैंडलिंग की व्यवस्था भी पूरी कर ली गई है। सुनिश्चित किया जा रहा है दस दिनों के अंदर किसानों को भुगतान करा दिया जाए।
पहले दिन यहां ये दिखा हाल
मुख्यालय स्थित नवीन गल्ला मंडी में ही पहले दिन क्रय केन्द्र बंद दिखा। बैनर तो लगा मिला, लेकिन ड्यूटी पर लगाए गए कर्मचारी नदारद मिले। वहीं शुक्रवार को तीन बजे मया ब्लाक के गोसाईंगंज नवीन सब्जी मंडी में मौजूद क्रय केंद्र का जायजा लिया गया। वहां एसएमआई हरिसेवक चौरसिया टीम के साथ मुस्तैद मिले। एसएमआई ने बताया कि मया ब्लाक में 7 सेंटर सक्रिय है। पहले दिन ब्लाक के किसी भी सेंटर पर बोहनी नही हुई है। बताया कि जिसका कारण है कि अभी गेहूं की कटाई शुरू नही हो सकी है। अभी कटाई शुरू होने में दस दिन का समय है। अलबत्ता 61किसानों से सम्पर्क किया जा चुका है और उन्हें निर्धारित मानक के अनुरूप गेंहू सेंटर पर लाने को कहा गया है।
पढ़ें-पीलीभीत: महिला व्यापारी पर जानलेवा हमला, छह लोगों पर नामजद रिपोर्ट दर्ज