यहां वही बना विधायक जो अयोध्या से हार कर आया, जानिए गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र का हाल

यहां वही बना विधायक जो अयोध्या से हार कर आया, जानिए गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र का हाल

अयोध्या। जिले की पांच विधानसभा सीटों में गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र की अलग ही पहचान है। वर्ष 2012 के आम चुनाव पूर्व जिले की नवगठित इस विधानसभा सीट से अब तक दो वही लोग विधायक चुने गए, जिन्हें पूर्व में अयोध्या विधानसभा सीट पर हार का मुंह देखना पड़ा था। मौजूदा तो मौजूदा यहां के पूर्व …

अयोध्या। जिले की पांच विधानसभा सीटों में गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र की अलग ही पहचान है। वर्ष 2012 के आम चुनाव पूर्व जिले की नवगठित इस विधानसभा सीट से अब तक दो वही लोग विधायक चुने गए, जिन्हें पूर्व में अयोध्या विधानसभा सीट पर हार का मुंह देखना पड़ा था। मौजूदा तो मौजूदा यहां के पूर्व विधायक भी बाहुबली की पहचान वाले रहे हैं।

वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में यहां से बीजेपी के इंद्र प्रताप उर्फ खब्बू तिवारी भाजपा के टिकट पर 89 हजार 586 वोट पाकर जीते थे। तब उन्होंने मौजूदा विधायक सपा के अभय सिंह को पराजित किया था, जिन्हें 77,966 वोट मिले थे। अभय सिंह को खब्बू के मुकाबले 11,620 वोटों से शिकस्त मिली थी। मालूम हो कि यही इंद्र प्रताप तिवारी खब्बू वर्ष 2007 के चुनाव में अयोध्या विधानसभा सीट से सपा के टिकट पर चुनाव लड़े थे। तब उन्हें 52 हजार 752 वोट मिला था। खब्बू तिवारी अयोध्या सीट पर भाजपा के लल्लू सिंह से हारे थे, जिन्हें 58 हजार 493 वोट मिले थे।

ठीक इसी तरह वर्ष 2012 के चुनाव में गोसाईगंज विधानसभा सीट से सपा के टिकट पर अभय सिंह एक लाख 22 हजार 235 वोट पाकर चुने गए थे। तब उन्होंने बसपा के टिकट पर यहीं से चुनाव लड़े खब्बू तिवारी को 58 हजार 681 वोट से हराया था। यही अभय सिंह अयोध्या विधानसभा सीट पर 2002 के आम चुनाव में बीएसपी से कैंडिडेट थे। अभय सिंह को कुल 33,429 वोट मिला था और इन्हें भी भाजपा के लल्लू सिंह ने ही हराया था, जिन्हें 51 हजार 289 वोट मिले थे।

अयोध्या के मौजूदा भाजपा विधायक वेद प्रकाश गुप्ता 2002 के चुनाव में अयोध्या सीट पर सपा के उम्मीदवार थे और यह 31 हजार 936 वोट पाकर तीसरे स्थान पर थे। 2012 के चुनाव में वेद गुप्ता ने बसपा के टिकट पर अयोध्या सीट से ही किस्मत आजमाई थी और 33 हजार 481 वोट पाकर तीसरे स्थान पर थे।

गोसाईंगंज सीट पर मौजूदा चुनाव में हालात यह है कि पिछले चुनाव में भाजपा के टिकट पर चुनाव जीते इंद्र प्रताप उर्फ खब्बू तिवारी की विधानसभा सदस्यता समाप्त कर दी गई है। माना जा रहा है कि सपा से यहां उनके परंपरागत प्रतिद्ंदी अभय सिंह ही प्रत्याशी होंगे। भाजपा के सामने यहां नया प्रत्याशी चुनने की चुनौती है तो वहीं पार्टी पर ये जबरदस्त दबाव भी है कि वह इंद्र प्रताप तिवारी की पत्नी आरती तिवारी को टिकट दे। माना जा रहा है यदि ऐसा नहीं हुआ तो जिले की पांचों सीटों पर भाजपा को ब्राह्मण तबके के नाराजगी का खामियाजा भुगतना पड़ेगा।

यह भी पढ़ें:-बाजार में लगातार तीसरे दिन तेजी, सेंसेक्स 60,600 अंक के पार