अमरोहा : भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव ने मोदी और योगी के लिए मांगा आशीर्वाद

हसनपुर/अमरोहा/अमृत विचार। युवा सम्मेलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसा तपस्वी नेता पूरी दुनिया में नहीं है। योगी सरकार में बहन बेटियां पूरी तरह सुरक्षित है। गुंडागर्दी करने वाले आज जेल में हैं या प्रदेश छोड़कर चले गए। कहा कि भाजपा सरकार में ईमानदारी के साथ नियुक्तियां की …
हसनपुर/अमरोहा/अमृत विचार। युवा सम्मेलन में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जैसा तपस्वी नेता पूरी दुनिया में नहीं है। योगी सरकार में बहन बेटियां पूरी तरह सुरक्षित है। गुंडागर्दी करने वाले आज जेल में हैं या प्रदेश छोड़कर चले गए। कहा कि भाजपा सरकार में ईमानदारी के साथ नियुक्तियां की गई हैं। कोई भेदभाव नहीं किया गया। मानक और योग्यता के आधार पर अभ्यर्थियों को नौकरी मिली, उन्हें सिफारिश की जरुरत नहीं पड़ी। उन्होंने झोली फैलाकर मोदी और योगी के लिए आशीर्वाद भी मांगा।
गुरुवार को नगर के बाईपास मार्ग स्थित एक मैरिज हॉल में भाजपा युवा मोर्चा का सम्मेलन हुआ। जिसमें प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह का फूल माला पहनाकर स्वागत किया गया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों का सपना भाजपा पूरा कर रही है। भाजपा राज में कश्मीर में सेना पर पत्थर नहीं फेंके जाते हैं। पिछली सरकारों में कश्मीर में राष्ट्रगान होते समय लोग बैठे रहते थे।
भाजपा सरकार ने धारा 370 समाप्त करके किया हुआ वादा पूरा किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सेना ने पाकिस्तान के अंदर घुसकर आतंकवादियों को मारने का काम किया है। उन्होंने कहा कि जब बहन-बेटियों के साथ छेड़छाड़ होती थी तो लखनऊ में बैठे मियां जान रिपोर्ट नहीं होने देते थे। अब किसी की हिम्मत नहीं है कि वह बहन-बेटियों की ओर नजर भी उठा सकें। गुंडे माफिया जेलों में बंद है। गुंडों पर योगी सरकार ने बुलडोजर चलवा दिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जनता के दु:ख दर्द को देखते हुए नि:शुल्क अन्न देने का काम किया है। प्रधानमंत्री ने 40 लाख लोगों को पक्का मकान बनाकर देने का काम किया है। शौचालय मुफ्त दिये गए हैं। एक करोड़ 33 लाख लोगों को बिजली कनेक्शन दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मैं झोली फैलाकर आपसे वोट की भीख मांगने आया हूं। उन्होंने कहा कि हाथ का पंजा, साइकिल व हाथी पर लक्ष्मी बैठकर नहीं आतीं, बल्कि कमल के फूल पर सवार होकर आती हैं।
इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं से हाथ उठवाकर भाजपा के पक्ष में माहौल बनाने का आश्वासन लिया। इस अवसर पर युवा मोर्चा के प्रदेश महामंत्री क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राजेश सिंघल, विधायक महेंद्र सिंह खड़गवंशी, विधायक राजीव तरारा, एमएलसी डॉ. हरी सिंह ढिल्लो, पूर्व सांसद देवेंद्र नागपाल, जिला अध्यक्ष ऋषिपाल नागर, जिला महासचिव अभिनव, युवा मोर्चा जिला अध्यक्ष शुभम चौधरी, मयंक शिखर अग्रवाल, मोहित गुर्जर, कुंवरपाल खड़गवंशी, गंगासरन खड़गवंशी, संजय शर्मा, विवेक गुप्ता, चन्द्रपाल खड़गवंशी, राहुल चौहान, डॉ. सोरन सिंह, राजवीर सिंह, नवजोत सिंह राणा, राजपाल सैनी आदि मौजूद रहे।
जाम में फंसे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष के वाहनों का काफिला जाम में फंस जाने के कारण अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गजरौला से भाजपा युवा मोर्चा के सम्मेलन में शिरकत करने आए प्रदेशाध्यक्ष का काफिला ब्लॉक चौराहे पर कार्यकर्ताओं द्वारा स्वागत के लिए खड़ा होने के कारण फंस गया। जिससे उनकी सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों के हाथ पैर फूल गए। आनन-फानन में पुलिस ने प्रदेशाध्यक्ष के वाहनों को कार्यक्रम स्थल तक पहुंचाया। इससे कई घंटों तक जाम की स्थिति बनी रही।
टिकट के दावेदारों ने भीड़ जुटाकर कराया ताकत का अहसास
भाजपा युवा मोर्चा सम्मेलन के बहाने कार्यकर्ताओं की नब्ज टटोलने आए प्रदेशाध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने पंडाल में मौजूद कार्यकर्ताओं से इशारों ही इशारों में सब कुछ सुन लिया। कहने को तो यह भाजपा युवा मोर्चा का सम्मेलन था, लेकिन हसनपुर विधानसभा क्षेत्र से टिकट मांग रहे तीन खड़गवंशी नेताओं ने भीड़ जुटाकर अपनी ताकत का अहसास कराया।
टिकटार्थियों का नारा लगाया तो समझो कट गया टिकट
हाथों में पकड़ी होर्डिंग व तख्तियां जल्द हटा लो ओर किसी टिकटार्थी का नारा लगाया तो समझो उसका टिकट कट गया। जैसे ही प्रदेशाध्यक्ष मंच पर पहुंचे और उन्होंने भाजपा का टिकट मांगने वाले नेताओं के पक्ष में लगाये जा रहे नारों व हाथों में पकड़ी तख्तियों को देखा तो खड़े हो गए। उन्होंने साफ शब्दों में चेतावनी दी कि यदि टिकट मांगने वाले किसी नेता का नारा लगाया या तख्तियों को जल्दी से नीचे नहीं किया तो समझ लो उसका टिकट कट गया। यह सुनते ही अपने नेता के पक्ष में नारेबाजी कर रहे समर्थक व कार्यकर्ता शांत होकर बैठ गये।
मंच पर बैठने के लिए नेताओं की मची होड़
मंच पर बैठने के लिए भाजपा नेताओं में होड़ सी मच गई। मंच पर जाने के लिए सीढ़ियों पर पुलिस का पहरा लगा दिया। कई भाजपा नेताओं को पुलिसकर्मियों ने मंच पर चढ़ने से रोक लिया। इसको लेकर पुलिस से नोकझोंक भी हुई।
प्रदेशाध्यक्ष के जाते ही कार्यकर्ताओं ने मंच पर किया कब्जा
कहने को तो भाजपा अनुशासित पार्टी है, लेकिन प्रदेश अध्यक्ष के जाने के बाद कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने अनुशासन की सारी हदें पार कर दीं। युवा सम्मेलन को संबोधित करने के बाद प्रदेशाध्यक्ष जैसे ही मंच से नीचे उतरे तो भाजपा कार्यकर्ताओं व समर्थकों ने मंच पर अपना कब्जा जमा लिया और जमकर डांस किया। कार्यकर्ताओं ने मंच पर माइक के सामने खड़े होकर सेल्फी भी ली।