मुरादाबाद: तोगड़िया बोले- यह दौर नए युग की शुरुआत, हिंदुत्व की राह में अड़चन गंभीर

मुरादाबाद: तोगड़िया बोले- यह दौर नए युग की शुरुआत, हिंदुत्व की राह में अड़चन गंभीर

आशुतोष मिश्र,अमृत विचार। अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया इस दौर को नए युग के तौर पर देखते हैं। कहते हैं कि अभी बहुत बदलाव की जरूरत है। परिवर्तन होने हैं लेकिन, कुछ तटस्थ लोगों की वजह से यह अभियान असरदार नहीं हो पा रहा है। इस तर्क के तत्काल बाद वह खुद …

आशुतोष मिश्र,अमृत विचार। अंतरराष्ट्रीय हिन्दू परिषद के अध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया इस दौर को नए युग के तौर पर देखते हैं। कहते हैं कि अभी बहुत बदलाव की जरूरत है। परिवर्तन होने हैं लेकिन, कुछ तटस्थ लोगों की वजह से यह अभियान असरदार नहीं हो पा रहा है। इस तर्क के तत्काल बाद वह खुद को राजनीति से अलग ठहराते हैं और हिंदुत्व की राह में सत्ता की अड़चनों को मुद्दा बनाते हैं।

जन संवाद अभियान में यहां प्रवास पर नया मुरादाबाद के विश्राम स्थल पर डॉ. तोगड़िया ने अमृत विचार से विभिन्न सवालों पर विस्तार से बात की। अपने को किसी राजनीतिक आवरण से दूर रखने का प्रयास किया। लेकिन, हिंदू धर्म और हिंदुत्व के विस्तार को लेकर जिम्मेदारों की चुप्पी पर गंभीर सवाल खड़े किए। कहा, सऊदी अरब ने तब्लीगी जमात पर प्रतिबंध लगा दिया है तो फिर भारत में क्यों नहीं? सरकार यहां की तब्लीगी जमातों पर प्रतिबंध लगाए। बात बढ़ी तो केंद्र सरकार पर तंज कसने से भी नहीं चूके। बोले, पता नहीं तब्लीगी जमात का कौन सा आदमी देश की सत्ता में बैठा है, जो भारत को गृह युद्ध और सर्वनाश की तरफ ले जाना चाहता है। ऐसे में सत्ता में बैठे जिम्मेदार लोगों को ऐसी प्रवृत्ति के खिलाफ मुखर होना पड़ेगा।

बोले, हमारी संस्कृति और आस्था के सवालों पर मतभेद पैदा करने वाले विचार, मस्जिद और मदरसों पर प्रभावी कार्रवाई की जानी चाहिए। उन्होंने राजनीतिक दलों की धड़कन बढ़ाने के कई पत्ते फेंके। मगर, खुलकर किसी राजनीतिक चेहरे से पर्दा नहीं उठाया। सीधे राजनीतिक सवालों पर टिप्पणी से अपने को किनारे रखते नजर आए। कई सवालों को लेकर केंद्र सरकार पर निशाना साधा।

अध्यक्ष ने कहा अयोध्या में भगवान श्रीराम मंदिर निर्मित हो रहा है। यह किसी राजनीतिक दल की मेहनत का परिणाम नहीं। बल्कि देश के करोड़ों लोगों की आस्था का सम्मान है। सुप्रीम कोर्ट के न्याय के आदेश के बल पर मंदिर बन रहा है। तोगड़िया ने कहा कि अगर जल्दी दो बच्चों का कानून लागू न हुआ तो देश का हिंदू अल्पसंख्यक हो जाएगा। कहा कि पहले देश के राजनेताओं को धर्म निरपेक्ष दिखने की प्रतिस्पर्धा थी। अब हिन्दू दिखने की होड़ मची है।

प्रश्न के उत्तर में कहा कि यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हिंदुत्व की बात कर रहे हैं। कांग्रेसी राहुल गांधी भी हिंदुत्व साधने में जुटे हैं। यह हिंदुओं की विजय है। यहां जोड़ा की अब इस प्रश्न को लेकर मुझमें कोई उल्लास नहीं है। काशी और मथुरा के प्रकरण में सरकार संसद में कानून लाये। देखें कैसे इन मामलों का निपटारा नहीं होता है।