बरेली: मंडी शुल्क समाप्त नहीं होने तक आंदोलन करेंगे व्यापारी

बरेली, अमृत विचार। कृषि कानूनों की वापसी के बाद अब प्रदेश भर में फिर से मंडी शुल्क लागू होने के विरोध में उतरे व्यापारियों ने आंदोलन करने की तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र गुप्ता की अगुवाई में किराना, दलहन, तिलहन, गुड़ …
बरेली, अमृत विचार। कृषि कानूनों की वापसी के बाद अब प्रदेश भर में फिर से मंडी शुल्क लागू होने के विरोध में उतरे व्यापारियों ने आंदोलन करने की तैयारी तेज कर दी है। इसी क्रम में शुक्रवार को उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार मंडल के प्रांतीय महामंत्री राजेंद्र गुप्ता की अगुवाई में किराना, दलहन, तिलहन, गुड़ आदि कारोबार से जुड़े व्यापारी सेठ दामोदर स्वरूप पार्क में धरना देकर अपनी ताकत का एहसास कराएंगे।
श्यामगंज स्थित कार्यालय में हुई बैठक में राजेंद्र गुप्ता ने कहा कि जिस दिन कृषि कानून लागू किए गए थे। उसी वक्त देश के बड़े साहूकारों की सुविधा के लिए मंडी समिति का लाइसेंस, गेट पास व मंडी शुल्क समाप्त कर दिया गया था। आज किसानों की मांग पर प्रधानमंत्री द्वारा कृषि कानून वापस कर दिए गए हैं। उसी वजह से व्यापारियों को बलि का बकरा बनाने की सोच से पुन: मंडी समिति व मंडी शुल्क लागू कर दिया गया है।
यह प्रदेश के व्यापारी समाज के साथ धोखा है। इससे भ्रष्टाचार को बढ़ावा मिलेगा। राजेश जसौरिया ने कहा कि व्यापारियों की अब तक मांगे नहीं मानी गई। व्यापारी किसी भी कीमत पर यह बर्दाश्त नहीं करेंगे। सुरेश जैन ने कहा व्यापारियों के शोषण और दोहन वाले सारे कानून बनाकर भाजपा ने अधिकारियों को लूट की खुली छूट दे रखी है। इसी क्रम में मंडी शुल्क समाप्त नहीं होने तक आंदोलन की ठानी है।